त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ​की आरक्षण सूची हुई प्रकाशित, 425 महिलाओं के हाथ होगी कमान

Bareilly Zone

बरेली(www.arya-tv.com) त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अनंतिम आरक्षण सूची का रविवार को प्रकाशन हो गया। इसमें जिला पंचायत के 60 वार्डो में 20 महिलाएं,क्षेत्र पंचायत प्रमुख 15 सीटों में पांच और 1193 ग्राम पंचायतों में 399 महिलाएं पंचायत की कमान संभालेंगी। सूची पर दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची 26 मार्च को प्रकाशित होगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने रविवार को आरक्षण सूची जारी कर दी है। इसमें जिला पंचायत के 60 वार्डो में पिछड़ा वर्ग के 10, पिछड़ा वर्ग महिला छह, अनुसूचित जाति छह, अनुसूचित जाति महिला तीन, महिला 11 और सामान्य 24 सीटें आरक्षित हुई हैं।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख में पिछड़ा वर्ग की तीन, पिछड़ा वर्ग महिला दो, अनुसूचित जाति एक, अनुसूचित जाति महिला, महिला दो व छह सीटे सामान्य हुई है। ग्राम पंचायत क्षेत्र (प्रधान) की 1193 सीटों पर भी आरक्षण व्यवस्था लागू कर दी गई है।  जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग महिला पहले ही घोषित की जा चुकी है। 

इस बार त्रिस्तरीय जिला पंचायत की कमान 425 महिलाओं के हाथ होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूची पर दावे और आपत्तियां 23 मार्च तक दाखिल हो सकेंगे। इनका निस्तारण के बाद 26 मार्च को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।