बचपन के दोस्त से शादी के लिए 10 करोड़ की रकम छोड़ेंगी प्रिंसेस

# ## International

(www.arya-tv.com)जापान में शाही परिवार की राजकुमारी माको अपने बचपन के दोस्त केई कोमुरो से शादी करने वाली हैं। राजकुमारी ने इसके लिए राजपरिवार से मिलने वाली करीब 10 करोड़ रुपए की रकम छोड़ने का फैसला किया है। राजकुमारी माको बचपन में साथ पढ़ने वाले मंगेतर के आम आदमी होने के कारण शाही परिवार के सदस्य होने का दर्जा छोड़ रही हैं।

वहीं राजकुमारी माको के मंगेतर कोमुरो भी अपनी शादी के लिए सोमवार को जापान लौट आए। यह शादी कोमुरो की मां से जुड़े वित्तीय विवाद के कारण तीन साल से अधिक समय के लिए रोक दी गई थी। 29 साल के केई कोमुरो न्यूयॉर्क से यहां पहुंचे।

सितंबर 2017 में किया शादी का ऐलान
माको (29) सम्राट नारुहितो की भतीजी हैं। माको और कोमुरो दोनों ने टोक्यो की इंटरनेशनल क्रिश्चन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की थी। सितंबर 2017 में इनकी शादी की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके दो महीने बाद वित्तीय विवाद खड़ा हो गया था, जिसके चलते शादी को टाल दिया गया था।

कोमुरो की मां भी वित्तीय विवादों में फंसी
यह वित्तीय विवाद 40 लाख येन यानी करीब 26.64 लाख रुपए का था। कोमुरो की मां को यह राशि उनके पूर्व प्रेमी से मिली जिसे उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई पर खर्च किया। इस बात को लेकर विवाद उठा कि कोमुरो की मां को यह राशि बतौर उपहार मिली या लोन के रूप में।

अक्टूबर में हो सकती है शादी
कोमुरो 2018 में कानून की पढ़ाई के लिये न्यूयॉर्क चले गए थे। तब से वह पहली बार जापान लौटे हैं। हवाई अड्डे पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की और कार में सवार होकर रवाना हो गए। अक्टूबर में दोनों की शादी करने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि वे शादी करके न्यूयॉर्क जाकर बस जाएंगे।

ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने भी की थी राजवंश से बाहर शादी
इससे पहले ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने भी 2018 में राजवंश से बाहर शादी की थी। अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मर्केल के साथ उनका विवाह पूरी दुनिया में चर्चित हुआ था। शादी के बाद हैरी और मर्केल अमेरिका में रह रहे हैं।

राजकुमारी माको के भाई हिसाहितो हैं गद्दी के उत्तराधिकारी
जापानी राजवंश में सिर्फ पुरुष ही गद्दी के उत्तराधिकारी होते हैं। इस नाते राजकुमारी माको के छोटे भाई राजकुमार हिसाहितो (14) इस वक्त अपने पिता आकिशिनो के अलावा गद्दी के इकलौते दावेदार हैं। जापान के शाही नियमों के अनुसार राजवंश से बाहर शादी करने वाली शाही महिलाओं के पुत्रों को गद्दी का उत्तराधिकारी नहीं माना जाता।