23 कैबिनेट मंत्री, 22 राज्यमंत्री और 9 स्वतंत्र प्रभार भी मिलकर नहीं दिला पाए UP में जिला पंचायत सदस्य की एक तिहाई सीट

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में सत्ताधारी भाजपा तमाम तैयारियों के साथ मैदान में उतरी थी। इसके लिए 23 कैबिनेट मंत्री, 22 राज्यमंत्री, 9 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सांसद-विधायकों को हर मोर्च पर लगाया गया था। ऐसे ही समाजवादी पार्टी से लेकर बसपा और कांग्रेस तक ने भी तैयारी की थी। वजह यह थी कि इसे राज्य में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमी फाइनल माना जा रहा था। अब सभी परिणाम आ चुके हैं। योगी सरकार की इतनी बड़ी मंत्रियों की फौज और बूथ लेवल पर मजबूत संगठन होने के बाद भी उनके मंसूबों पर पानी फिरा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर के रहने वाले उनके करीबी गोरख सिंह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव नहीं जीत सके। वहीं, समाजवादी पार्टी अपना दुर्ग बचाने में कामयाब रही। साथ ही वह भाजपा के मजबूत इलाकों में भी भारी पड़ी है। हालांकि, जनता ने दलों को छोड़कर निर्दलीयों पर ज्यादा भरोसा जताया है।

3050 सीटों में 690 भाजपा समर्थित ही जीते
प्रदेश के 75 जिलों में जिला पंचायत सदस्य की कुल 3050 सीटों पर चुनाव हुए हैं। इनमें 690 भाजपा समर्थित उम्मीदवार को ही जीत मिल सकी है। भाजपा महज 23% सीटें हासिल कर सकी, जबकि उसे 77% सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस और आरएलडी के खाते में कुल मिलाकर 1474 सीटें गई। इसके अलावा अन्य 1574 सीटें निर्दलीय व अन्य छोटे दल के उम्मीदवार जीते हैं।

आंकड़ों में समझिए मध्य यूपी, रुहेलखंड, पश्चिमी यूपी, बृज पूर्वांचल और बुंदेलखंड में क्या स्थिति रही सत्ता दल व अन्य दलों की…

  • मध्य यूपी: यहां की 800 सीटों में से सपा को 250, भाजपा को 155, बसपा को 30 और कांग्रेस को 10 सीटें मिली। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार 355 सीटें जीते हैं। इसमे छोटे दल भी शामिल हैं।
  • पूर्वांचल: यहां के 10 शहरों में 527 सीटों में भाजपा को केवल 87 सीट मिली। जबकि सपा 171, बसपा 90 और कांग्रेस 20 सीटों पर जीती। इसके अलावा अन्य 159 सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं।
  • ब्रज क्षेत्र: 9 जिलों में 530 सीटों में से भाजपा को केवल 51 सीटें मिली। सपा को 64 और बसपा को 37 सीटें मिली हैं। इसके अलावा आरएलडी को 27 और कांग्रेस को 16 सीट मिली। 335 पर निर्दलीय व अन्य छोटे दल शामिल हैं।
  • बुंदेलखंड: 470 सीटों में से भाजपा केवल 39 सीट मिली। सपा और बसपा को 31-31 सीटें मिलीं। इसके अलावा 16 सीटें कांग्रेस को मिलीं। 353 सीटों पर निर्दलीय और अन्य छोटे दलों के प्रत्याशियों ने बाजी मारी।
  • पश्चिमी यूपी: 12 शहरों में आरएलडी को 35, सपा को 76 और भाजपा को केवल 62 सीटें मिली हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 460 में 287 सीटों पर निर्दलीय और अन्य छोटे दलों के प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य चुनकर आए।
  • रुहेलखंड: क्षेत्र की 371 सीटों में से 37 सीटें बीजेपी को मिलीं। सपा को 33, बसपा को 18 और कांग्रेस को 15 सीट मिली हैं। 268 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

सेंट्रल यूपी में सपा से पिछड़ी बीजेपी
अवध क्षेत्र के साथ ही मध्य यूपी के अयोध्या, लखनऊ, गोंडा, बस्ती, अमेठी, कानपुर, इटावा, मैनपुरी, उरई आदि में आए नतीजे बीजेपी के लिए झटका माने जा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी के प्रतिनिधि राजेश चौधरी जिला पंचायत के चुनाव में चौथे स्थान पर आए हैं। बस्ती में भाजपा को 45 में 8 सीटें मिली हैं।

  • कानपुर में दो मंत्री सतीश महाना और नीलिमा कटियार जिला पंचायत सदस्यों को जिताने में कामयाब नहीं हो पाईं। यहां भी सपा आगे रही। सपा ने 285 सीटें और भाजपा ने 155 सीटें जीतने का दावा किया है।
  • लखनऊ की 25 सीटों में से 10 पर सपा ने कब्जे का दावा किया है जबकि बीजेपी को तीन और बसपा को पांच सीटें मिली हैं। गोंडा जैसे जिले में जहां भाजपा से सांसद कीर्तिवर्धन सिंह हैं और सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है, वहां पर भी सपा ने सबसे ज्यादा 30 और भाजपा ने 17 सीटें जीतने का दावा किया है।

बड़े-बड़े नेता भी जीत नहीं दिला सके
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तक कानपुर देहात नहीं जीता पाए। यहां पर भी सपा व निर्दलीयों ने बाजी मारी और भाजपा को केवल 4 सीटें मिलीं। निर्दलीय और सपा 11-11 पर रहीं। बसपा 6 सीटें जीत सकी। इसी तरह केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी और प्रयागराज में भी भाजपा को नहीं जीता पाए, यहां पर निर्दलीय और समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की।

राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद के बेटे व बहू निर्विरोध बने BDC
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के पुत्र सुब्रत शाही पथरदेवा ब्लॉक के प्रमुख थे। इस बार भी यहां का प्रमुख पद अनारक्षित हुआ है। ऐसे में शाही के पुत्र सुब्रत शाही एवं पुत्रवधू पल्लवी शाही दोनों निर्विरोध BDC चुने गए हैं। सुब्रत शाही इस बार भी पथरदेवा ब्लॉक प्रमुख पद के प्रबल दावेदार हैं। राज्य मंत्री जय प्रकाश निषाद के पुत्र विश्वविजय निषाद एवं पुत्रवधु अनीता भी निर्विरोध BDC चुनी गई हैं। विश्वविजय निषाद अभी तक अपने गांव के प्रधान थे और इस बार उनकी नजर रुद्रपुर ब्लॉक प्रमुख पद पर है।

मऊ में निर्दलीय भारी पड़े
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और दारा सिंह चौहान के क्षेत्र मऊ में सपा-बसपा और भाजपा पर निर्दलीय भारी पड़े। मायावती की पार्टी को 7 सीटें मिली हैं तो सपा और भाजपा को दो-दो सीटें मिलीं। सबसे ज्यादा निर्दलीय मऊ जिले में जीत कर आए हैं। मंत्री का दावा है कि यह सभी सदस्य भाजपा के समर्थन में जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाएंगे।
क्षेत्र में पूर्व आईएएस और एमएलसी एके शर्मा ने पूरी ताकत पार्टी के प्रत्याशियों के लिए लगा रखी थी। उत्तर प्रदेश कैबिनेट के मंत्री रमापति शास्त्री के भतीजे भी जिला पंचायत के चुनाव हार गए हैं। बृजेश पाठक लखनऊ शहर के मध्य से विधायक हैं। उनको उन्नाव में जिला पंचायत के लिए लगाया गया था, जहां पर निर्दलीय और सपा अपने ज्यादा सदस्य जीता पाए हैं।

मथुरा से आने वाले दो मंत्री के क्षेत्र में भाजपा को शिकस्त
मथुरा से आने वाले दो मंत्री श्रीकांत शर्मा और लक्ष्मी नारायण चौधरी क्षेत्र में भाजपा को जीत नहीं दिला सके। यहां पर भी निर्दलीय और बसपा समर्थक ही जीते हैं। मथुरा में 33 जिला पंचायत सीटों पर बसपा 13, भाजपा 8, आरएलडी- 8, अन्य 3 और सपा एक सीट जीत सकी।

प्रतापगढ़ जिले से उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह अपनी पत्नी को चुनाव नहीं जीत पाए। मंत्री की पत्नी का टिकट पार्टी ने काट दिया था, उसके बावजूद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़वाया था। इसके अलावा जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह जिला पंचायत में कुछ खास प्रदर्शन हीं कर पाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कोटे से गन्ना मंत्री बने सुरेश राणा, भूपेंद्र चौधरी समेत आधा दर्जन मंत्रियों की मेहनत पर किसान आंदोलन ने पानी फेर दिया।

किसान आंदोलन और कोरोना ने बिगाड़ा खेल
भाजपा के लिए पश्चिम यूपी में किसान आंदोलन ने तो पूर्वांचल में कोरोना की दूसरी लहर ने खेल बिगाड़ने का काम किया। मेरठ से लेकर शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा में पार्टी को करारी मात मिली। पश्चिम यूपी में किसान आंदोलन आरएलडी के लिए संजीवनी साबित हुआ है और बीजेपी के लिए सियासी तौर पर बड़ा झटका है। किसान आंदोलन का असर दिखा, जिसके चलते राष्ट्रीय लोकदल ने 35 सीटें मिलने का दावा किया है। सपा के साथ उसके गठबंधन होने के चलते सपा को 76 सीटें मिली हैं।

पंचायत चुनाव के बाद केंद्रीय टीम करेगी मंथन
पंचायत चुनाव के नतीजों ने बीजेपी को मंथन करने के लिए मजबूर कर दिया हैं, क्योंकि 25% सीटें भी उसके हिस्से में नहीं आई है। सत्ता में रहते ही भाजपा का 75% से ज्यादा सीटें हार जाना निश्चित तौर पर पार्टी के लिए चिंता बढ़ाने वाला है। वो भी तब जब सूबे में आठ महीने के बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।