बीबीएयू की प्रो. सुनीता मिश्रा को मिला ‘गोमती गौरव सम्मान’, प्रो. राजश्री पाण्डेय भी हुईं सम्मानित

Lucknow
  • शैक्षणिक योगदान और सांस्कृतिक सहभागिता के लिए मिली सराहना, कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने दी बधाई

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की दो वरिष्ठ शिक्षिकाओं ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक सहभागिता से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय की प्रो. सुनीता मिश्रा को शैक्षणिक एवं अकादमिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘गोमती गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजश्री पाण्डेय को 43वें छठ महापर्व के सांस्कृतिक आयोजन में उल्लेखनीय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

  • प्रो. सुनीता मिश्रा को मिला प्रतिष्ठित गोमती गौरव सम्मान

प्रो. सुनीता मिश्रा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उनके शैक्षणिक एवं अकादमिक योगदान के लिए ‘गोमती गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। वह प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता हैं। उन्होंने गृह विज्ञान विषय में पीएचडी और डी.लिट. की उपाधि प्राप्त की है। शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में उन्हें 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह बीबीएयू में स्कूल ऑफ होम साइंसेज की अधिष्ठाता सहित विभिन्न शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं।इसके अतिरिक्त उन्होंने राजस्थान के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर में कुलपति के रूप में भी सेवाएं दी हैं। खाद्य एवं पोषण, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में उनका महत्वपूर्ण अकादमिक योगदान रहा है।

  • छठ महापर्व के सांस्कृतिक आयोजन में प्रो. राजश्री पाण्डेय की सहभागिता

विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजश्री पाण्डेय ने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित 43वें छठ महापर्व के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उनकी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।उनकी सांस्कृतिक सहभागिता एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय और राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश राय ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

  • कुलपति ने बताया विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय

दोनों शिक्षिकाओं की उपलब्धियों पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रो. सुनीता मिश्रा की उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनका शैक्षणिक अनुभव, शोध के प्रति समर्पण और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने प्रो. राजश्री पाण्डेय को भी बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों की अकादमिक उपलब्धियों के साथ कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता विश्वविद्यालय की समृद्ध पहचान को दर्शाती है। दोनों शिक्षिकाओं की उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं।