भावुक हुईं भारत की बेटियां:मोदी ने हॉकी टीम को फोन किया तो प्लेयर्स रोने लगीं

Game

(www.arya-tv.com)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलिंपिक के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में ब्रिटेन से हारने वाली महिला हॉकी टीम का हौसला बढ़ाया। मैच के बाद प्रधानमंत्री ने पूरी टीम से मोबाइल पर बात की। इस दौरान सभी लड़कियां बेहद भावुक हो गईं और रोने लगीं। मोदी ने उनसे कहा कि रोना नहीं है, आपकी मेहनत से देश की हॉकी पुनर्जीवित हुई है। प्रधानमंत्री की महिला हॉकी टीम की बातचीत पढ़िए….

मोदी: आप सब लोग बहुत बढ़िया खेले हैं। आपने पिछले 5-6 साल से इतना पसीना बहाया है, सबकुछ छोड़कर आप इसी की साधना कर रहे थे। आपका पसीना पदक नहीं ला सका, लेकिन आपका पसीना देश की करोड़ों बेटियों का पसीना बन गया। मैं आपकी टीम और आपके कोच सभी को बधाई देता हूं। निराश बिल्कुल नहीं होना है।

टीम: आपने हमारा इतना हौसला बढ़ाया, इसके लिए शुक्रिया।

मोदी: मैं देख रहा था कि नवनीत की आंख पर कुछ चोट आई है। अभी ठीक है ना। उसकी आंख को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है ना।

टीम: जी सर उसे 4 टांके आए हैं, अब ठीक है।

मोदी: वंदना और सबने बहुत बढ़िया किया। सलीमा ने तो, सबको लगा कि सलीमा ने बहुत कमाल कर दिया। आप लोग रोना बंद करिए। मुझ तक आवाज आ रही है। देश आप पर गर्व कर रहा है। बिल्कुल निराश नहीं होना है। कितने दशकों बाद हॉकी भारत की पहचान पुनर्जीवित हो रही है, आप लोगों की मेहनत से हो रही है।

मोदी: मैंने देखा है कि आपके कोच ने भी अपना बेस्ट दिया है। मैं देख रहा था कि किस तरह से आप लड़कियों का हौसला बढ़ा रहे थे। मैं आपका बहुत शुक्रगुजार हूं। आपको भविष्य के लिए बहुत शुभकामनाएं।

कोच: सर शुक्रिया। लड़कियां इस वक्त बेहद भावुक हैं। मैं उनसे कह रहा हूं कि उन्होंने देश को प्रेरणा दी है। उन्होंने बहुत अहम काम किया है और उन्हें इसका जश्न मनाना चाहिए। आपके समर्थन के लिए शुक्रिया सर।

मोदी: थैंक यू, थैंक यू।

भारतीय पुरुष टीम को दी थी PM ने बधाई
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ओलिंपिक में 41 साल बाद मेडल का सूखा खत्म कर दिया है। कैप्टन मनप्रीत की टीम ने जर्मनी को 5-4 से मात देते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा कर लिया। इसके बाद देशभर में जश्न और बधाइयों का दौर शुरू हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो में मौजूद टीम से जीत के तुरंत बाद मोबाइल पर बात की थी। मोदी ने कहा था- मनप्रीत बहुत-बहुत बधाई। आपको और आपकी पूरी टीम को बधाई। आपने बहुत गजब किया है और पूरा देश आप पर नाज कर रहा है। फिर भी आपकी आवाज बहुत धीमी आ रही है।