नाम जो 2022 में चमके, 2023 में और चमकेंगे: आकाश अंबानी हर शहर 5G पहुंचाएंगे, ऋषभ शेट्टी ऑस्कर रेस में

# ## Technology

(www.arya-tv.com) नया साल शुरू होने को है, सिर्फ 5 दिन बाद कैलेंडर बदल जाएगा। ये साल भारत के लिए उम्मीदों और उड़ान का साल है। हमने अलग-अलग फील्ड से ऐसे 10 चेहरे चुने हैं, जो 2022 में सुर्खियों में रहे, जिनके हिस्से में कोई बड़ी उपलब्धि आई। और अब उम्मीद है कि ये चेहरे आने वाले साल में भी खूब चर्चा में रहेंगे.

2022 में टाइम मैगजीन ने आकाश अंबानी को दुनिया के 100 इमर्जिंग लीडर्स में चुना। इस लिस्ट में वे इकलौते भारतीय थे। रिलायंस के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी के बेटे आकाश देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी जियो के चेयरमैन हैं। कंपनी के पास 42 करोड़ 60 लाख यूजर्स हैं।

मुकेश अंबानी ने 2021 में पिता धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन पर कहा था- ‘मैं हर दिन रिलायंस के लिए बच्चों के जुनून और कमिटमेंट को महसूस कर सकता हूं। मैं उनमें वही आग और काबिलियत देखता हूं, जो मेरे पिता के पास थी।’

ये इशारा था कि रिलायंस में नई पीढ़ी जिम्मेदारी संभालने वाली है। 27 जून 2022 को मुकेश अंबानी ने जियो इन्फोकॉम लिमिटेड का डायरेक्टर पद छोड़ दिया और बड़े बेटे आकाश को इसकी जिम्मेदारी दे दी थी। आकाश महज 22 साल की उम्र में जियो के बोर्ड का हिस्सा बने थे और कंपनी के 4जी ईको सिस्टम को तैयार करने का श्रेय काफी हद तक उन्हीं को जाता है। 31 साल के आकाश की नेटवर्थ अभी करीब 3 लाख करोड़ है।

1 अक्टूबर को इंडिया मोबाइल कांग्रेस-2022 के एक इवेंट में मुकेश अंबानी ने कहा कि दिसंबर 2023 तक जियो की 5G सर्विस देश के हर शहर में होगी। इसके 4 दिन बाद 5 अक्टूबर को जियो ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और वाराणसी में 5G सर्विस की शुरुआत कर दी। जियो चेयरमैन बनने के बाद आकाश अंबानी का यह पहला बड़ा लॉन्चिंग इवेंट रहा। अगले 12 महीने में पूरे देश में 5G सर्विस का मुकेश अंबानी का वादा ही आकाश के लिए अगले साल का टारगेट है।