देश का बहुत बड़ा नुकसान होने वाला है, चीन-पाकिस्तान एक हो गए हैं: राहुल गांधी

# ## National

(www.arya-tv.com) भारत-चीन के तनाव के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि चीन और पाकिस्तान दोनों एक हो गए हैं और अगर कोई भी युद्ध हुआ तो एक के साथ नहीं होगा, दोनों देशों के साथ होगा। राहुल गांधी का बयान ऐसे वक्त में आया है जब हाल ही में भारत और चीन के बीच अरुणाचल के तवांग में हिंसक झड़प हुई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे में देश का बहुत बड़ा नुकसान होने वाला है। भारत इस समय बहुत गंभीर स्थिति में है।

दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व नेता राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया। जिसमें उन्होंने कहा कि भारत इस समय बेहद कमजोर स्थिति में है। भारत जोड़ो यात्रा से इतर पूर्व सैनिकों के साथ एक चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि मेरे मन में आपके लिए सिर्फ सम्मान ही नहीं, प्यार और स्नेह भी है। आपने इस देश की रक्षा की है। आपके बिना इस देश का अस्तित्व नहीं होता।

राहुल गांधी के साथ मौजूद कई पूर्व सैन्य अफसरों ने चीन और पाकिस्तान के मसले पर खुलकर अपने विचार रखे। राहुल गांधी के साथ बातचीत में लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डीडीएस संधू ने कहा कि ये मामला चीन का है। बहुत सारी सैटलाइट तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे हम देख पाए कि जमीन पर हकीकत में क्या हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि सभी देशवासियों को ये जरूर पता होना चाहिए कि क्या चल रहा है। राहुल के साथ चर्चा में मौजूद मेजर जनरल विशंभर दयाल (रिटायर्ड) ने कहा कि 1967 से 2020 तक हमने चीन के साथ झड़प में अपना एक भी आदमी नहीं खोया, क्योंकि वो (चीन) डरता था।

चीन और पाकिस्तान हमारे लिए सरप्राइज तैयार कर रहे: राहुल
राहुल ने कहा कि हमारी मानसिकता जॉइंट ऑपरेशन और साइबर युद्ध की नहीं है। देश अभी बहुत कमजोर है। वहीं, चीन और पाकिस्तान हमारे लिए सरप्राइज तैयार कर रहे हैं। इसीलिए मैं कहता हूं कि सरकार इस तरह से चुप नहीं रह सकती। सीमा पर क्या हुआ, इसके बारे में देश की जनता को बताना चाहिए। इसके अलावा हमें क्या कार्रवाई करनी है, इसकी शुरुआत भी हमें आज से ही करनी पड़ेगी।