लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची मुंबई, रोहित की कप्तानी में 5वें खिताब से एक कदम दूर

Game

(www.arya-tv.com)  IPL के 13वें सीजन के पहले क्वालिफायर में मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 57 रन से हरा दिया। डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम 5वां खिताब जीतने से एक कदम दूर है। पिछली बार मुंबई ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को 1 रन से शिकस्त दी थी। इससे पहले मुंबई 2017, 2015 और 2013 में चैम्पियन बनी थी।

दुबई में खेले गए मैच में मुंबई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 8 विकेट गंवाकर 143 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 46 बॉल पर 65 रन की पारी खेली। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मुंबई ने सीजन में तीसरी बार दिल्ली को हराया
सीजन में दोनों टीम के बीच यह तीसरा मुकाबला खेला गया। तीनों बार मुंबई ने जीत दर्ज की। लीग राउंड में पहले अबु धाबी में 5 विकेट से हराया। उसके बाद दूसरी बार दुबई में 9 विकेट से शिकस्त दी थी।

दिल्ली ने जीरो पर 3 विकेट गंवाए
दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने बिना खाता खोले 3 विकेट गंवा दिए थे। पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने पृथ्वी शॉ और अजिंक्य रहाणे को पवेलियन भेजा। पृथ्वी का कैच विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक ने लिया, जबकि रहाणे एलबीडब्ल्यू हुए। इसके बाद दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने शिखर धवन को क्लीन बोल्ड किया।