UN हेडक्वॉर्टर में सुना जाएगा ‘मन की बात’ प्रोग्राम,माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर ने PM मोदी को बधाई दी

International

(www.arya-tv.com) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात प्रोग्राम का 100वां एपिसोड 30 अप्रैल को आने वाला है। इसे संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर पर भी लाइव ब्रॉडकास्ट किया जाएगा। UN में भारत के मिशन ने ट्वीट किया है कि इस ऐतिहासिक पल के लिए तैयार हो जाइए। ये UN हेडक्वार्टर के ट्रस्टी काउंसिल चैंबर में लाइव होगा।

वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने भी मन की बात के लिए PM मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा- मन की बात ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और विकास जैसे कई मुद्दों को अहमियत दी है। इसकी वजह से आज कई समुदाय के लोग आगे आकर इन पर काम कर रहे हैं।

PM मोदी के मन की बात का 100वां एपिसोड रविवार को 11 बजे लाइव किया जाएगा। ये न्यूयॉर्क के समय के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे ब्रॉडकास्ट होगा। भारत के परमानेंट मिशन ने कहा- मन की बात हर महीने की एक राष्ट्रीय परंपरा बन चुका है। ये करोड़ों भारतीयों को विकास की यात्रा में अपना कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित करता है। UN के अलावा न्यूयॉर्क में भारत के कॉन्सुलेट जनरल भी इंडियन अमेरिकन और प्रवासी भारतीयों के लिए इसे न्यू जर्सी में लाइव करेंगे।

मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को आया था। इसके बाद से हर महीने के आखिरी रविवार को इसका एक एपिसोड लाइव किया जाता रहा है। ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन नेटवर्क इस 30 मिनट के एपिसोड को ब्रॉडकास्ट करते हैं। 26 अप्रैल को प्रसार भारती ने 100वें एपिसोड का जश्न मनाने के लिए एक कॉन्क्लेव का आयोजन किया था। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया था।

कॉन्क्लेव में आमिर खान, रवीना टंडन, दीपा मलिक, पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी, संगीतकार रिकी केज, खिलाड़ी निखत जरीन, कहानीकार नीलेश मिश्रा, बिजनेसमेन संजीव भीखचंदानी, टीवी मोहनदास पई भी मौजूद थे। इनके अलावा देशभर से करीब 100 ऐसे लोग शामिल हुए थे, जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के विभिन्न एपिसोड में किया है।​​​​​​

कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति धनखड़​​​​​ ने कॉफी टेबल बुक और प्रसार भारती के पूर्व CEO एसएस वेम्पति की लिखी बुक ‘कलेक्टिव स्पिरिट, कंक्रीट एक्शन’ का भी विमोचन किया था। इसमें प्रधानमंत्री की बातचीत के पहलुओं का डाक्यूमेंटेशन किया गया है।

PM नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को देश के 100 करोड़ लोग कम से कम एक बार सुन चुके हैं। 23 करोड़ लोग नियमित रूप से ‘मन की बात’ को सुनते हैं। IIM रोहतक ने ‘मन की बात’ को लेकर एक स्टडी की है। यह स्टडी प्रसार भारती ने कराई है। इस स्टडी में सामने आया कि 17.6% लोग मन की बात को रेडियो पर सुनते हैं। 44.7% लोग TV और 37.6% लोग मोबाइल पर सुनते हैं।

CEO द्विवेदी ने बताया कि 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा मन की बात 11 विदेशी भाषाओं में ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों द्वारा किया जा रहा है।