गाय के गोबर से बने एक लाख दीपों से जगमगाएगा लखनऊ: नगर आयुक्त

Lucknow UP
  • कान्हा उपवन की गायों के गोबर से बने 1,00,000 (एक लाख) दीप प्रज्जवलित किये जायेगे : नगर आयुक्त

(www.arya-tv.com)मुख्यमंत्री प्रेरणा से नगर निगम लखनऊ द्वारा भारत के अत्यंत महत्वपूर्ण तथा सुख व समृद्धि के प्रमुख पर्व दीपावली के अवसर पर गोमय दीपोत्सव का आयोजन 12 नवम्बर को झूलेलाल वाटिका में किया जा रहा है। दीपोत्सव के इस कार्यक्रम में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित कान्हा उपवन की गायों के गोबर से बने 1,00,000 (एक लाख) दीप प्रज्जवलित किये जायेगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के त्यौहार को पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने का संदेश देना है। झूलेलाल वाटिका पर इन दीपों के माध्यम से लक्ष्मी-गणेश, नगर निगम लखनऊ व अन्य शब्द रेखांकित किये जायेगे।

 नगर आयुक्त द्वारा झूलेलाल वाटिका तथा घाट व आसपास के क्षेत्र में कार्यक्रम हेतु की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया गया तथा उत्तम व्यवस्थाओं हेतु यथोचित निर्देश दिये गये।

नगर निगम लखनऊ द्वारा कान्हा उपवन में रखी गयी गायों के गोबर का पुर्नपयोग करके दीपों (दियों) का निर्माण कराया जा रहा है। यह दीप पर्यावरण के लिए पूर्ण रूप से प्राकृतिक एवं प्रदूषण रहित है और दीपावली में इनके प्रयोग से वर्तमान वातावरण को सुरक्षित रखने में अत्यंत सहायता मिलेगी।

गोमय दीपो के गोबर को स्वयं जलने से बचाने के लिए इनमें 20 प्रतिशत मिट्टी मिलायी जा रही है, बनाये गये दीपों का सुखाकर तथा रंगाई व अतिरिक्त सौंदर्य वृद्धि हेतु चमक इत्यादि मिलाने के पश्चात पैकिंग की जाती है। उपरोक्त कार्यो को लगभग 500 महिलाओं के एस.एच.जी. (सेल्फ हेल्प गु्रप) के सहयोग से किया जा रहा है जिससे महिलाओं को रोजगार का लाभ भी प्राप्त हो रहा है।

उपरोक्त विधि से एस.एच.जी. गु्रप द्वारा प्रतिदिन 50,000 की संख्या में दीप तैयार करने की क्षमता है। वर्तमान में बनाये जा रहे दियो को विभिन्न बाजारों में चैम्पियंस एवं अन्य कर्मियों की सहायता से आम जनमानस को सुलभ विक्रय हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर के प्रमुख बाजार जैसे पत्रकारपुरम, हुसड़िया चौराहा, भूतनाथ मार्केट, मुंशीपुलिया, हजरतगंज, चौक, दुबग्गा, बालागंज, राजाजीपुरम, आलमबाग, कृष्णानगर, बंगला बाजार, तेलीबाग, पीजीआई व अन्य स्थलों पर कैनोपी लगाकर गोमय दीप विक्रय किये गये जा रहे है। साथ ही शहर के बड़े एवं प्रमुख मॉल जैसे फन रिपब्लिक, सिंगापुर मॉल, एस.आर.एस., वेव, सहारा मॉल में भी गोमय दीप विक्रय हेतु उपलब्ध है। इन दीपों के प्रयोग हेतु चैम्पियंस द्वारा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में जाकर प्रचार-प्रसार एवं विक्रय भी किया जा रहा है।

वर्तमान आधुनिक तकनीकी का प्रयोग करते हुए इन दीपो की सोशल मीडिया जैसे ट्विटर एवं फेसबुक के माध्यम से मार्केटिंग की गयी है। यह दीप ऑनलाइन विक्रय हेतु उपलब्ध है। इसके लिए नगर निगम के कंट्रोल रूम 0522-2307783, 82, 70, 6389300137, 138, 139 पर आर्डर बुक कराये जा सकते है।

अवगत कराया गया कि लगभग 50,000 दीप बाजारो में विक्रय किये जा चुके है तथा 6,500 गोमय दीप तथा 300 गोमय लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त हो चुके है। अपील की गयी है कि पर्यावरण एवं शहर के वातावरण को सुरक्षित रखते हुए गोमय दीप का उपयोग करते हुए दीपावली का त्यौहार मनाया जाय।