योगी के गढ़ पर ‘सुशासन बाबू’ की नजर:UP में विधान सभा व पंचायत चुनाव लड़ेगी JDU

UP

(www.arya-tv.com) बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर सरकार चलाने वाले नीतीश कुमार की नजर अब योगी आदित्यनाथ के गढ़ उत्तर प्रदेश पर है। दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे JDU (जनता दल यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता केसी त्यागी ने रविवार को कहा कि अटलजी जब प्रधानमंत्री थे तब NDA (नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस) में 22 दल थे। अब JDU एक ऐसी पार्टी है जो NDA में है। हम 2022 का विधान सभा और आगामी पंचायत चुनाव लड़ेंगे। संगठन को विस्तार देने की प्रक्रिया चल रही है।

पहली कार्यकर्ता सभा बनारस में होगी

महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि पहली कार्यकर्ता सभा बनारस में होगी। उसके बाद अन्य हिस्सों में जाएंगे। उन्होंने गरीबों को आरक्षण दिए जाने के मामले पर कहा कि हम तो कर्पूरी ठाकुर के आरक्षण के फार्मूले को चाहते हैं। आज उनकी जन्मतिथि भी है। बिहार में कोई भी राजनीतिक दल जो आरक्षण का विरोध करते थे वो भी इसका हिस्सा हैं। अति पिछड़ों के लिए पंजाब, आंध्र प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु सरकार पहले ही आरक्षण में आरक्षण की सुविधा दे चुकी है।

कई लोग ठंड में मर चुके हैं, जल्द ही हल होना चाहिए
केसी त्यागी ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसानों ने जिन बदलावों को सुझाया है, हम उनका समर्थन करते हैं। सरकार की पहल का भी स्वागत करते हैं। लेकिन कई लोग मर चुके हैं। ठंड का मौसम है। सरकार को किसानों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। किसानों के आंदोलन को किसी पार्टी या संस्था या विचार से भी नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने किसी राजनैतिक दल को अपने मंच पर नहीं आने दिया। हम किसानों के सम्मानजनक हल के पक्षधर हैं। गांधीवादी तरीका ही एक मात्र रास्ता है।

केसी त्यागी ने कहा कि MSP पर सरकार खरीद करे। बाजारों में लूट पर रोक लगनी चाहिए। MSP से कम खरीद पर दंड दिया जाए। औद्योगिक उत्पादन की इकाइयों से जो माल निकलता है, उस पर MRP होती है( ऐसे ही कृषि उत्पाद पर MSP से कम खरीद न हो। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 2017 में पिछड़ी जातियों में अति पिछड़ों के लिए एक कमिटी गठित की। 4 वर्षों से उसका कार्यकाल बढ़ता जा रहा है। अफसोस है। संसद सत्र में हम सवाल उठाएंगे। प्रधानमंत्री से भी आग्रह करते हैं इस आयोग की रिपोर्ट पेश की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात

केसी त्यागी ने कहा कि आज सुबह UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई। उनसे भी हमने यूपी में समता पिछड़े वर्ग के लोगों में लाने के लिए जो समिति बनाई है, उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा है। जब राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री थे, तब एक कमिटी बनी थी। जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई थी। 983 देश भर में पिछड़ी जातियां हैं। उनको आरक्षण का लाभ नहीं मिलता है। हमारी पार्टी इन वर्गोंं को चिन्हित करने धरना प्रदर्शन के लिए कहती है।