(www.arya-tv.com) बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की लव-स्टोरी किसी से छिपी नहीं है। दोनों की केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आती है। रियल लाइफ में भी रणवीर आज भी दीपिका को इंप्रेस करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। दोनों 6 साल तक रिलेशनशिप में रहे। जब दोनों अपने करियर के टॉप पर थे तो इटली के लेक कोमो में इन्होंने ग्रैंड वेडिंग की। दोनों की शादी काफी पर्सनल अफेयर रही। केवल परिवार के लोग ही इसमें शामिल रहे। लव-स्टोरी की बात करें तो वह काफी दिलचस्प रही। हाल ही में फुटबॉलर सुनील छेत्री ने रणवीर सिंह संग लाइव चैट की, जिसमें उन्होंने बताया कि केवल 6 महीने में ही उन्होंने दीपिका से शादी करने का तय कर लिया था।
रणवीर बताते हैं कि दीपिका को इंप्रेस करने में मैंने बहुत मेहनत की। शादी से पहले भी मैं दीपिका के प्रति अपने प्यार को जाहिर करने से शर्माता नहीं था। उसकी केयर करता था। रणवीर ने बताया कि दीपिका से मिलने के छह महीने बाद ही उन्होंने तय कर लिया था कि वह उनसे शादी करेंगे। हालांकि उन्हें पता था कि दीपिका को पटाना इतना आसान नहीं है। रणवीर कहते हैं कि मुझे पता था कि दीपिका को फूल बहुत पसंद हैं तो जब भी वह शूट से आती थीं तो मैं उनके लिए फूल लेकर जाता था। कभी अगर वह कहीं दूर शूट करती थीं तो मैं वहीं फूल लेकर चला जाता था। दरअसल, 6 महीने की डेटिंग में ही मुझे पता लग गया था कि दीपिका मेरे लिए बनी हैं और उन्हें अपनी लाइफ में बनाए रहने के लिए मैं हमेशा कोशिश करता था कि उन्हें खुश रखूं।
रणवीर ने बताया कि वह दीपिका को इंप्रेस करने के लिए यह भी कहते थे कि उन्हें बहुत अच्छा खाना बनाना आता है और वह उन्हें खाना बनाकर भी खिलाएंगे। हालांकि दीपिका को शिकायत है कि उन्होंने आज तक कुछ भी बनाकर नहीं खिलाया। इस बात की शिकायत पर खुद रणवीर ने बताया कि वह अंडा-ब्रेड के अलावा कुछ नहीं बना सकते। इस पर भी दीपिका पादुकोण पीछे से बोलते हुए नजर आईं, ‘अंडा ही बना कर दिखा दो।’