मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह प्रिंसिपल डॉ. जेबी गोगोई ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और डॉक्टरों की उपस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आठ डॉक्टर गैरहाजिर मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए प्रिंसिपल ने सभी संबंधित डॉक्टरों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आठ डॉक्टर मिले गैरहाजिर, जारी किया नोटिस
प्रिंसिपल डॉ. गोगोई मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने एक्स-रे, ब्लड बैंक, फार्मेसी, आर्थोपेडिक, साइकेट्रिस्ट और मेडिकल यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला अस्पताल के दो डॉक्टर, ईएनटी ओपीडी और सर्जरी ओपीडी के एक-एक डॉक्टर तथा पीडियाट्रिक विभाग के चार डॉक्टर गैरहाजिर मिले।डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर प्रिंसिपल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। गैरहाजिर मिले डॉक्टरों को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएमएस का खाली दफ्तर देख लगवाया ताला
निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल पहले सीएमएस के कार्यालय पहुंचे, जहां सीएमएस डॉ. आदित्य झिंगरन मौजूद नहीं थे। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने राउंड पर होने की बात कही। प्रिंसिपल डॉ. गोगोई के मुताबिक, आईपीओ बिल्डिंग के पांचवें तल पर सीएमएस का कार्यालय है, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद सीएमएस वहां नहीं बैठ रहे थे। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यालय में ताला लगवा दिया। हालांकि, कुछ देर बाद ताला खोल भी दिया गया।
