40 लड़कों का गैंग, अपराध से बनाई 100 करोड़ की संपत्ति जीवा के गांव शामली से रिपोर्ट

# ## UP

(www.arya-tv.com) डॉक्टर, किडनैपर और फिर हत्यारा…ये तीन शब्द गैंगस्टर संजीव जीवा की कहानी बताने के लिए काफी हैं। उसी गैंगस्टर संजीव जीवा की, जिसकी लखनऊ कोर्ट में बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि, उसकी हत्या क्यों की गई, ये अभी तक सवाल बना हुआ है। अभी यह भी सवाल बना हुआ है कि संजीव की डेड बॉडी कहां जाएगी…मुजफ्फरनगर या फिर शामली?

संजीव के नाम का रुतबा ये है कि उसकी मौत की खबर फैलते ही पश्चिमी यूपी के 20 जिलों में हलचल होने लगी। ये वही जिले हैं, जहां पर संजीव के नाम की दहशत थी। यहां बस उसके नाम पर काम हो जाया करता था। पुलिस के अनुसार, संजीव ने जरायम की दुनिया में कदम रखने के बाद 40 लड़कों का अपना एक गैंग खड़ा किया। इसके कई मेंबर अभी जेल में हैं। संजीव ने मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली में तकरीबन 100 करोड़ की संपत्ति बनाई। इनमें रियल स्टेट, कई जूतों और कपड़ों के शोरूम शामिल हैं।संजीव ने अपराधों को छिपाने के लिए सियासी पकड़ बनानी चाही। लेकिन छवि खराब होने के कारण कोई भी पार्टी उस पर दांव नहीं लगाना चाह रही थी। ऐसे में उसने अपनी पत्नी पायल महेश्वरी का सहारा लिया। 2017 के विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरनगर की सदर सीट से संजीव ने अपनी पत्नी को रालोद से टिकट दिलवाया। लेकिन वह चुनाव हार गई। फिर भी वह क्षेत्र में एक्टिव रही।

संजीव के शामली वाले गांव में ग्रामीण उसकी हत्या की खबर सुनकर हैरान हैं। जिस घर में वो 20 साल पहले रहता था, वहां पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। लोग आपस में संजीव के बारे में बात कर रहे हैं। जहां संजीव रहता था, उस घर पर ताला लगा हुआ है। उसके गांव के लोग यही बोल रहे हैं कि संजीव जीवा ने ऐसा क्या किया, जो उसको मार दिया गया। उसने जो किया था, जो आरोप लगे थे। उसकी सजा तो उसे मिल ही चुकी है।

वहीं, संजीव जीवा के मुजफ्फरनगर वाले घर पर उसके जानने वालों का जमावड़ा लगा हुआ है। उसके घर पर उसकी सौतेली बहन और कुछ रिश्तेदार बैठे मिले। सौतेली बहन इस मामले में कुछ भी बोलने से बचती दिखाई दी। उसका कहना है, हम तो काफी समय से उससे नहीं मिले हैं। मिले होते, तो पता होता कि वह अपराधी है। हम तो बस बचपन तक ही साथ रहे। साथ खेले और फिर शादी के बाद अलग हो गए। इसके बाद उसने क्या किया, क्यों जेल गया? आरोप कितने सही हैं? हम कुछ भी नहीं जानते।