- वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन और दिवंगत पत्रकारों के आश्रित परिवारों को ₹25 हजार मासिक सहायता का मुख्यमंत्री से अनुरोध
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अनुस्मारक पत्र भेजकर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों और दिवंगत पत्रकारों के आश्रित परिवारों के लिए पेंशन योजना शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ पत्रकारों को नियमित मासिक पेंशन तथा सेवाकाल में पत्रकार की असामयिक मृत्यु होने पर उसकी विधवा या पात्र आश्रित परिवार को न्यूनतम ₹25 हजार प्रतिमाह पारिवारिक पेंशन देने का सुझाव दिया है।
- पत्रकारों के परिवारों के लिए स्थायी सुरक्षा की पहल
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अधिवक्ताओं के उपचार के लिए आर्थिक सहायता तथा पत्रकारों के संकटग्रस्त परिवारों के लिए पत्रकार कल्याण कोष को मजबूत करने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लंबे समय तक जनहित से जुड़े मुद्दों को समाज और शासन के सामने उठाते हैं, इसलिए उनके तथा उनके परिवारों के लिए प्रभावी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है।
- दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की भी मदद
डॉ. सिंह ने बताया कि उन्होंने लखनऊ के दिवंगत पत्रकारों विधि सिंह, मोहम्मद इरफान और नीरज श्रीवास्तव के परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की तथा बच्चों की शिक्षा के लिए सीएसआर के माध्यम से प्रत्येक परिवार को ₹1 लाख की सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि यह सहायता अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने का संदेश जरूर देती है।
- पारदर्शी ऑनलाइन व्यवस्था का भी सुझाव
विधायक ने प्रदेश में विशेष रूप से 50 वर्ष से कम आयु में दिवंगत होने वाले पत्रकारों का जिला-वार और आयु-वार प्रमाणिक अभिलेख तैयार कराने तथा पेंशन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और ऑनलाइन बनाने का भी आग्रह किया। प्रस्ताव के अनुसार दिवंगत पत्रकार की विधवा अथवा पात्र आश्रित परिवार को कम से कम पांच वर्ष और आवश्यकता के अनुसार पांच से दस वर्ष तक ₹25 हजार प्रतिमाह की पारिवारिक पेंशन दी जा सकती है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जीवनभर जनहित की आवाज उठाने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों को कठिन समय में अकेला नहीं रहना चाहिए और उनके लिए मजबूत सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।
