बदायूं में पुलिस को चकमा देकर सीतापुर निकले कांग्रेसी

Bareilly Zone

(Gauri gautam)

बरेली (www.arya-tv.com) बदायूं में लखीमपुर में किसानों और भाजपा नेताओं के बीच हुए बवाल को लेकर यहां जिले में भी एहतियात बरती जा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह पुलिस को चकमा देकर सोमवार सुबह दातागंज पहुंच गए। पार्टी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ सीतापुर के लिए रवाना हो गए। भारतीय किसान यूनियन और कांग्रेस के कुछ नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर रखा है।

जिले में भी लखीमपुर प्रकरण को लेकर भाकियू और विपक्षी नेताओं में उबाल है। भारतीय किसान यूनियन के मंडलीय नेता राजेश कुमार सक्सेना के आवास पर रात में ही पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। युवक कांग्रेस के निर्वतर्मान जिलाध्यक्ष शफी अहमद ने इस प्रकरण को लेकर आज जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का एलान किया था। सुबह पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष को ओमकार सिंह को भी पुलिस तलाश करती रही, लेकिन वह सुबह दातागंज पहुंच गए। वहीं से कार्यकर्ताओं के साथ सीतापुर के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि इस समय कार्यकर्ताओं के साथ सीतापुर जा रहे हैं। कहीं कोई विवाद न होने पाए इसको लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी एहतियात बरत रहे हैं।