स्कूटी से मिला सुराग,श्रद्धा की मौत का रहस्य सुलझाने में लगी पुलिस

# ## UP

(www.arya-tv.com)पंजाब नेशनल बैंक की महिला अफसर श्रद्धा गुप्ता की रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझती नजर आ रही है। अयोध्या पुलिस ने दो दिन पहले श्रद्धा की स्कूटी शहर के ही एक पेट्रोल पंप से बरामद की है। स्कूटी मिलने के साथ ही पुलिस को उस शख्स के बारे में भी जानकारी हो गयी जिस पर शक की सुइयां घूम रही थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।अयोध्या में पीएनबी ऑफिसर श्रद्धा गुप्ता की मौत के रहस्य से पर्दा हटना शुरू हो गया है। शहर के एक पेट्रोल पंप से श्रद्धा की स्कूटी बरामद होने के साथ ही असली विलेन का भी पता चल गया है। यह विलेन कोई और नही श्रद्धा की डायरी में दर्ज अज्ञात किरदार ही है।

बरामद  डायरी ने खोले राज

अयोध्या पुलिस ने 30 अक्टूबर को श्रद्धा के कमरे से उसकी डायरी बरामद की थी। डायरी के आखिर में दो लाइन का सुसाइड नोट लिखा था। इसमे अयोध्या के पूर्व एसएसपी आशीष तिवारी, कांस्टेबल अनिल रावत और श्रद्धा के मंगेतर विवेक गुप्ता को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया था। लेकिन इस नोट के बाद डायरी के दो पन्ने फाड़कर निकाल लिए गए थे। इससे पुलिस को किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की आशंका हुई।

पुलिस ने श्रद्धा की डायरी का अध्ययन किया तो उसमें कुछ लड़कियों के विवेक के अवैध संबंध के बारे में लिखा गया था। इसके साथ ही डायरी में लिखा था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे कॉल करके विवेक की हर गलत आदतों की जानकारी देता था। लेकिन करीब 100 पन्ने की डायरी में कही भी उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान नही लिखी गयी थी। पुलिस का शक गहराया की करीब तीन महीने तक लगातार कॉल करके मंगेतर विवेक की हर गतिविधियों की जानकारी देने वाले शख्स के बारे में श्रध्दा ने पता लगाने का प्रयास क्यों नही किया।