वह दौर गया जब चीन को कोई भी धमकाकर चला जाता था, हम अपनी मिलिट्री को वर्ल्ड क्लास बनाएंगे

International

(www.arya-tv.com)चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को 100 साल पूरो हो चुके हैं। वहां की सरकार इसका सेलिब्रेशन कर रही है। ऐसा ही एक समारोह गुरुवार को हुआ। इसमें राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भाषण दिया। उन्होंने धौंस दिखाते हुए कहा कि मैं शपथ लेता हूं कि चीन की मिलिट्री की ताकत को और बढ़ाया जाएगा। हमारी मिलिट्री को हम वर्ल्ड क्लास बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वो दौर अब हमेशा के लिए जा चुका है, जब कोई भी देश चीन को धमकाकर चला जाता था।

चीनी राष्ट्रपति ने फेमस तियानमेन स्क्वेअर में लगे माओ जेदांग के चित्र के सामने खड़े होकर भाषण दिया। जिनपिंग ने चीन का सम्मान और वहां लोगों की आय बढ़ाने का श्रेय भी कम्युनिस्ट पार्टी को दिया। समारोह में शामिल हुए शी जिनपिंग माओ स्टाइल की जैकेट पहने थे। जिनपिंग ने कार्यक्रम में शपथ ली कि चीन वर्ल्ड क्लास मिलिट्री बनाने की अपनी रणनीति को आगे बढ़ाता रहेगा। कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना 1921 में डुग्झियू और लि डेझाओ ने की थी। पार्टी के मुताबिक पूरे चीन में उनके 95 मिलियन (9.5 करोड़) कार्यकर्ता हैं।

चीन में कुल कितने राजनीतिक दल हैं?
बाहरी दुनिया को लगता है कि चीन में सिर्फ एक ही राजनीतिक दल यानी ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना’ या चाइना कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) है, लेकिन ऐसा नहीं है। यहां कम्युनिस्ट पार्टी के अलावा 8 और सियासी पार्टियां हैं। हां, ये बात अलग है कि इनका वजूद होते हुए भी न के बराबर है। ये भी रोचक है कि CCP के अलावा सभी पार्टियां लोकतांत्रिक हैं, लेकिन इनकी आवाज ‘नक्कारखाने में तूती’ की तरह दब जाती है।

चीन का संविधान कहता है- बाकी दलों को भी सरकार में भागीदारी का हक है, पर हकीकत कुछ और है। और वो ये कि 8 दल सिर्फ प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। इनको मानना या न मानना CCP की मर्जी पर निर्भर करता है। ताइवान डेमोक्रेटिक सेल्फ गवर्नमेंट पार्टी सबसे छोटी है। उसके सिर्फ 3 हजार सदस्य हैं।