बदायूं में मुस्लिम बनकर शादी का केस, विवाहिता का आरोप पति का शाहरुख नहीं श्याम है, दहेज उत्पीड़न का आरोप

National

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक अलग ही मामला सामने आया है। यहां की एक मुस्लिम महिला ने लड़के पर धर्म बदलकर शादी करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का एफआईआर दर्ज कराया है।महिला ने अपनी शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला का आरोप है कि उसका पति मुस्लिम नहीं है। उसने पति के हिंदू होने का आरोप लगाया है। अपनी शिकायत में उसने कहा है कि पति डॉक्टर बनकर कई लड़कियों से शादी कर चुका है। उसने खुद को मुसलमान बताकर उससे निकाह किया था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।मामला दातागंज कस्बे के इमामबाड़ा से आया है।

यहां रहने वाली महिला की ओर से आरोप लगाया गया कि उसका निकाह हाथरस के जलेसर निवासी शाहरुख खां से पिछले साल हुआ था। निकाह के समय उसके पिता ने दहेज में ढाई लाख रुपये, 10 तोला सोना, 15 तोला चांदी और एक बोलेरो कार दी थी। निकाह में दस लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बाद भी ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह लगातार महिला का उत्पीड़न कर रहे थे।

महिला ने पति पर हिंदू होने का लगाया आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसे बाद में अपने पति की हकीकत का भान हुआ। उसने दावा किया कि उसका पति मुसलमान नहीं है। शाहरुख का असली नाम श्याम है। महिला ने दावा किया है कि उसके ससुर हैदर अली उर्फ वशीर खां का नाम वीरेंद्र सिंह, सास अमीना बेगम का मीना देवी, देवर मोनू, सूरज, सचिन, सोहिल, ननद नूरजहां का नीरज, रीना का रेनू, रूबी और बहनोई धीरेंद्र तोमर हैं।

महिला ने इन लोगों पर उसके धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि परिवार के लोगों ने धमकी दी, अगर धर्म परिवर्तन नहीं करेगी तो उसे जान से मार देंगे।

कई लड़कियों से शादी का आरोप

महिला का आरोप है कि उसका पति कई लड़कियों के साथ डॉक्टर बनकर शादी कर चुका है। वह पहले आगरा से एक लड़की को लेकर भाग गया था। बाद में पुलिस ने उसे बरामद किया। उसका पति कई लड़कियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर चुका है।

महिला का आरोप है कि वह अब उसकी जिंदगी से खेल रहा है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर उसके पति समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जांच के बाद उचित कानूनसम्मत कार्रवाई की बात कही है।