कपूर खानदान की बहू, जिसने बड़े पर्दे पर चाचा ससुर के साथ किया रोमांस

# ## Fashion/ Entertainment

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर चर्चा में हैं। 8 मई को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसमें नीतू कपूर के साथ उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और कपिल शर्मा भी हैं। 67 साल की नीतू कपूर ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है, लेकिन ऋषि कपूर से शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। हालांकि, 2022 में उन्होंने फिल्मी दुनिया में फिर वापसी की और अब लगातार काम कर रही हैं। नीतू कपूर ने अपने करियर में कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया है। लेकिन, क्या आप उस फिल्म के बारे में जानते हैं, जिसमें नीतू ने अपने चाचा ससुर शशि कपूर के साथ रोमांस किया था। इस फिल्म का एक गाना 5 दशक के बाद भी खूब पसंद किया जाता है। चलिए आपको इस फिल्म और इसके हिट गाने के बारे में बताते हैं।

1975 में रिलीज हुई थी फिल्म

ये फिल्म 1975 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर ‘दीवार’ है, जिसमें नीतू कपूर भी अमिताभ बच्चन और शशि कपूर के साथ लीड रोल में थीं। फिल्म में नीतू कपूर और शशि कपूर ने प्रेमी-प्रेमिका का किरदार निभाया था और दोनों की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई थी। वहीं इस फिल्म का एक गाना ‘कह दूं तुम्हे या चुप रहूं’ आज भी खूब पसंद किया जाता है। इस गाने में नीतू कपूर और शशि कपूर रोमांस करते नजर आए थे और दोनों की केमेस्ट्री फैंस को खूब पसंद आई थी। वहीं दीवार को रिलीज हुए भी 51 साल हो चुके हैं, लेकिन अब भी दर्शक इस फिल्म को भूल नहीं पाए हैं।

इन फिल्मों में भी किया काम

दीवार के अलावा नीतू कपूर और शशि कपूर ने ‘दूसरा आदमी’, ‘कभी-कभी’ और ‘दुनिया मेरी जेब में’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। वहीं ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बात करें तो दोनों 1980 में शादी के बंधन में बंधे थे। ऋषि कपूर, शशि कपूर के भतीजे हैं। शशि कपूर और ऋषि कपूर के पिता राज कपूर सगे भाई थे। इस रिश्ते से नीतू कपूर, ऋषि कपूर की बहू हुईं। हालांकि, 1980 में ऋषि कपूर से शादी के बाद नीतू ने फिल्मों और अभिनय से दूरी बना ली और अपना पूरा फोकस अपने परिवार पर शिफ्ट कर दिया।

2020 में ऋषि कपूर का हो गया निधन

ऋषि कपूर की बात करें तो उन्होंने 2020 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इस दौरान उनकी उम्र 67 साल थी। वह लंबे समय से ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से जूझ रहे थे, जिसके चलते उन्होंने 30 अप्रैल 2020 की सुबह मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें कुछ समय तक वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन, हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उनका निधन हो गया। हाल ही में नीतू कपूर ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में बताया था कि कैसे ऋषि कपूर के निधन के बाद करण जौहर ने उन्हें फिल्मों में फिर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।