भाजपा एमएलसी ने विकास दुबे के परिवार वालों से जताई सहानुभूति, कही ये बात

Kanpur Zone

कानपुर (www.arya-tv.com) भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी उमेश द्विवेदी ने पुलिस पर विकास दुबे के परिवार की महिलाओं व बच्चों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सोमवार को इस संबंध में भाजपा एमएलसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और मुख्यरूप से विकास दुबे के भाई दीपू दुबे के खिलाफ की जा रही कार्रवाईयों पर सवाल खड़े किए।

दैनिक जागरण के साथ मोबाइल पर बातचीत में भाजपा एमएलसी ने बताया कि दीपू दुबे की पत्नी अंजली दुबे ने पिछले दिनों उनसे मुलाकात की थी। अंजली ने उन्हें बताया कि पिछले पंद्रह सालों से वह लखनऊ में परिवार के रह रही थी।

विकास दुबे से उनके परिवार को कोई लेनादेना नहीं था। बिकरू कांड में भी उनके पति का कोई हाथ नहीं था। जब बिकरू कांड से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला तो पुलिस ने कबाड़ में खरीदी गई कार और शस्त्र लाइसेंस के मामलों में उन पर बेवजह मुकदमे कायम कर दिए। दीपू दुबे को जेल भेजा। इसकी वजह से वह उनके बच्चे बेवजह प्रताड़ित हो रहे हैं।

भाजपा एमएलसी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पुलिस विकास दुबे के परिवार की महिलाओं व बच्चों को प्रताड़ित न करें। उनका दावा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने तर्क दिया कि महाभारत और रामायण में युद्ध के समय में भी महिलाओं व बच्चों के अधिकारों का सम्मान किया गया।

उनके तर्क से मुख्यमंत्री भी सहमत दिखे और उन्हें विश्वास दिलाया कि इस मामले में जांच कराई जाएगी कि किसी को बेवजह प्रताड़ित न किया जाए।