Bijnor News: बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर ग्रामीणों का हमला, जेई को बंधक बनाकर पीटा

# ## UP

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना चांदपुर थाना क्षेत्र के बागड़पुर इलाके की बताई जा रही है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान बिजली चोरी पकड़े जाने से नाराज कुछ ग्रामीणों ने टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हाइडिल के जेई सुधीर को बंधक बनाकर पीटने की बात सामने आई है।

बिजली चोरी की जांच के दौरान बिगड़ा माहौल

मिली जानकारी के अनुसार, जेई सुधीर अपनी टीम के साथ इलाके में बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे थे। टीम ने एक घर में केबल काटकर कथित तौर पर बिजली चोरी किए जाने का मामला पकड़ा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने जेई को घेर लिया। उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जेई अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद घायल जेई सुधीर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन में भी हलचल मच गई।

पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में रोष है। विभागीय कर्मचारियों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नामजद और अज्ञात आरोपियों पर केस

पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के साथ अन्य अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बिजली विभाग की टीम पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें कितने लोग शामिल थे।