इन दो नेताओं ने भी की रूठे राहुल को मनाने की कोशिश, जाने क्या हुआ

## National

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। वह अलग बात है कि यूथ कांगेस के नेताओं से लेकर बड़े बड़े कांग्रेसी नेता उन्हें मनाने में जुटे हैं। हालांकि राहुल बार बार इस्तीफा देने की बात कहते रहे हैं।

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्हें मनाने की कोशिश की। स्वयं गहलोत और कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश तक कर दी, लेकिन राहुल नहीं माने।

आपको बता दें इससे पहले राहुल गांधी अपने आवास पर यूथ कार्यकर्ताओं से एक मुलाकात के दौरान भावुक हो गए थे। उनसे एक कार्यकर्ता ने कहा था कि चुनाव की जिम्मेदारी सबकी थी तो फिर हार के बाद सिर्फ आप ही इस्तीफा क्यों दे रहे हैं? इस पर राहुल ने कहा था कि इसी बात का दुख है कि मेरे इस्तीफे के ऐलान के बाद एक भी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस का मुख्यमंत्री या फिर बड़ा नेता इस्तीफे के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद से लगातार राहुल को मनाने का प्रयास किया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव से 6 माह पहले दोनों राज्यों के चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद युवा नेतृत्व की मांग पर राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं अशोक गहलोत और कमलनाथ को आगे बढ़ाने का काम किया ​था। राहुल को उम्मीद थी कि अच्छे परिणाम आएंगे, लेकिन राजस्थान में कांग्रेस का खाता नहीं खुला वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस महज 1 सीट पर सिमट गई।