यूपी के अलीगढ़ में AIMIM के जिलाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी ने नाजिया इलाही की भाषा और उनके बयानों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इसके बाद, यामीन खान अब्बासी ने विवादास्पद ऐलान करते हुए नाजिया इलाही खान की जुबान काटने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
अब्बासी ने सोशल मीडिया पर लिखी इनाम का बात
बता दें कि नाजिया इलाही पर यामीन खान अब्बासी का आरोप है कि नाजिया ने इस्लाम और पैगंबर की शान में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो गलत और अभद्र है। यामीन खान अब्बासी ने सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर पोस्ट किया है। यामीन खान अब्बासी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘नबी की शान में गुस्ताखी करने वाली नाजिया इलाही की जुबान काटने वाले को मिलेगा। 1 लाख इनाम, यामीन खान अब्बासी जिला अध्यक्ष एआईएमआईएम।’
AIMIM नेता ने लगाया नबी की शान में गुस्ताखी का आरोप
इसके साथ ही, यामीन खान अब्बासी का एक स्टेटमेंट भी वायरल हो रहा है। यामीन खान अब्बासी का कहना है कि नाजिया इलाही ने न केवल इस्लाम और मुसलमानों के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, बल्कि नबी की शान में भी गुस्ताखी की है।
नाजिया इलाही पर अब्बासी का जुबानी प्रहार
यामीन खान अब्बासी ने दावा किया कि नाजिया इलाही के रवैये के कारण ही पूरे देश में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा कि नाजिया इलाही मानसिक संतुलन खो चुकी हैं। इसी वजह से ऐसी बातें कर रही हैं।
कौन हैं नाजिया इलाही?
हालांकि, नाजिया इलाही की तरफ से यामीन खान अब्बासी के इस ऐलान पर कोई रिएक्शन नहीं आया है। जान लें कि नाजिया इलाही एक एक्टिविस्ट हैं। नाजिया भारतीय जनता पार्टी की अल्पसंख्यक मोर्चा की लीडर भी हैं। नाजिया कई बार अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स की वजह से विवाद में रह चुकी हैं।
अब्बासी के बयान से बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि इस मामले पर यामीन खान अब्बासी का वीडियो और उनका सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग पूछ रहे हैं कि सभ्य समाज में क्या इसकी इजाजत है। सोशल मीडिया पर भी यामीन के बयान को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। ना ही किसी कार्रवाई के बारे में खबर है।
