चढ़ावा चोरी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच’, अयोध्या सांसद की मांग

# ## Lucknow

लखनऊः राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपियों पर एक्शन के बीच सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। अयोध्या के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने चढ़ावा चोरी मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े पर प्रतिक्रिया देते हुए अयोध्या के सांसद ने कहा कि यह कोई मामूली मामला नहीं है। यह किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है। यह पूरे देश से जुड़ा मामला है। देश भर से लोग भगवान श्री राम के मंदिर के दर्शन करने आते हैं। यह सिर्फ़ साधारण चोरी नहीं है। इसे डकैती कहा जा रहा है।

सपा ने चढ़ावा चोरी की न्यायिक जांच की मांग की

अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारी पार्टी और हमारे नेता अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उजागर किया। हमारी पार्टी ने इस बड़े घोटाले की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है, जिसमें न्यायिक जांच की मांग भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट को खुद इसका संज्ञान लेना चाहिए और एक टीम गठित करनी चाहिए। सपा सांसद ने यह भी कहा कि चंपत राय को जांच शुरू होते ही इस्तीफ़ा दे देना चाहिए था, या असम में जब घोटाला हो रहा था, तभी इस्तीफ़ा दे देना चाहिए था।

अखिलेश यादव ने कसा बीजेपी पर तंज

वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। अपने एक्स पोस्ट में अखिलेश ने कहा, ”भाजपा का लंकाकांड, अयोध्या में ही होगा, प्रभु की अलौकिक शक्ति ने अपना चमत्कार दिखा ही दिया। अब अहंकार की चमचमाती लंका के साम्राज्य का भी अंत होगा और ‘लंकाधिपति’ का भी”।

एक अन्य एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा, ”वो क्या करेंगे दूध का दूध और पानी का पानी, लालच ने मार दिया है जिनकी आँख का पानी। गणित की पढ़ाई करने का क्या फ़ायदा जब गिनती में ही हेराफेरी हो गई, सोने-चांदी में घटतोली हो गई, ज़ेवरातों की चोरी हो गई। उनके चिराग तले अंधेरा नहीं, भ्रष्टाचार का घोर अंधकार भरा पाताल निकाला”।