‘गहराइयां’ के साथ दीपिका पादुकोण की ओटीटी पर पहली छलांग

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) 2021 की विदाई के साथ दीपिका पादुोण अपने फैंस के लिए एक बड़ी खबर लेकर आयी हैं। करण जौहर निर्मित और शकुन बत्रा के निर्देशन में बनी दीपिका की फिल्म को नाम मिलने के साथ रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म भी मिल गया है, जिसका एलान सोमवार को किया गया। इस फिल्म में दीपिका के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी, धैर्य कारवा और अनन्या पांडेय भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं।

गहराइयां की रिलीज का एलान एक टीजर के साथ किया गया, जिसमें चारों मुख्य किरदारों को दिखाया गया है। सिद्धांत और दीपिका के बीच रोमांटिक रिलेशनशिप के दृश्य भी शामिल किये गये हैं। गहराइयां का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस के साथ वायाकॉम 18 ने किया है। फिल्म आधुनिक दौर में रिश्तों की जटिलता और आजादी, एडल्टिंग जैसे पहलुओं को छूती है। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और रजत कपूर भी अहम किरदारों में दिखेंगे।

गहराइयां 25 जनवरी को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी। इस फिल्म के साथ दीपिका पादुकोण का ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की दुनिया में डेब्यू होगा और 2022 में उनकी फिल्मों का खाता खुलेगा। हालांकि, इससे पहले दीपिका 24 दिसम्बर को रिलीज हो रही 83 में दिखायी देंगी, जिसमें वो कपिल देव की पत्नी रोमी देव के रोल में हैं। कपिल का रोल रणवीर सिंह निभा रहे हैं।

दीपिका की आखिरी रिलीज फिल्म छपाक है, जो 2020 में सिनेमाघरों रिलीज हुई थी। गहराइयां की शूटिंग दीपिका ने कोरोना काल में ही पूरी की थी।

शकुन बत्रा ने इससे पहले कपूर एंड संस का निर्देशन किया था, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, फवाद खान, आलिया भट्ट और ऋषि कपूर ने केंद्रीय भूमिकाएं निभाया थीं। कपूर एंड संस भी एक परिवार के विभिन्न सदस्यों के बीच उलझे हुए रिश्तों की कहानी थी।

शकुन ने गहराइयां को लेकर कहा- यह मानवीय रिश्तों की पेचीदगियों का एक सफर है, यह आधुनिक एडल्ट रिलेशनशिप का एक आइना है। यह दिखाती है कि हम भावनाओं और एहसासों के चक्रव्यूह से कैसे गुजरते हैं और हमारा हर कदम, हर फैसला हमारी व आसपास के लोगों की जिंदगी को कैसे प्रभावित करता है।”