Kanpur News : दिवाली से पहले दुरुस्त होंगी शहर की सड़कें और स्ट्रीट लाइटें, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

# ## Kanpur Zone

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण, मरम्मत व स्ट्रीट लाइट समेत आदि बिंदुओं पर बैठक की, जिस दौरान उन्होंने कॉन्ट्रैक्टर्स से सीधा संवाद कर शहर की सड़कों की स्थिति व चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कहा कि त्योहारों को देखते हुए सभी कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय व टीम भावना के साथ युद्धस्तर पर कार्य करें। दीपावली से पहले शहर की चिह्नित क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाएं।

 गुणवत्तापूर्ण निर्माण और दीपावली से पहले दुरुस्त होंगी शहर की सड़कें व स्ट्रीट लाइटें

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण व मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि अस्पतालों वस्कूलों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर निगम को दीपावली से पहले प्रमुख मार्गों व सार्वजनिक स्थलों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि रात में शहर की सड़कें पर्याप्त रोशनी से जगमग रहें।

साफ-सफाई का विशेष ध्यान 

 कूड़ा उठान व निस्तारण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, बैठक में जलभराव व बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की भी समीक्षा की। इनमें सर्वोदय नगर स्थित खादी ग्रामोद्योग क्षेत्र, पोस्टमार्टम हाउस से नरेंद्र मोहन सेतु, पनकी प्लांट, शताब्दी नगर रोड, पनकी रामगंगा एनक्लेव के आसपास, गोपाला टावर्स से नमक फैक्ट्री चौराहा, गोविंद नगर विद्युत कॉलोनी, बर्रा साउथ सिटी से बनपुरवा पुल मार्ग, भौंती-सचेंडी मार्ग, पनकी तिराहा साइट-1, मोतीझील, गुरु गोबिंद सिंह द्वार, बर्रा-2, बर्रा-8 पुल से पहले देवकी टॉकीज के आसपास, अस्पताल रोड, मॉल रोड, कालपी रोड, जरीब चौकी, फजलगंज व संतनगर सहित अन्य सड़कें शामिल थी।

जिलाधिकारी ने सभी के दुरस्तीकरण समय पर कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, सीडीओ अभिनव जे. जैन, यूपीसीडा की एसीईओ दीक्षा जैन, एसडीएम सदर अनुभव सिंह समेत नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, केडीए, यूपीसीडा व एनएचएआई के अधिकारी और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी व कॉन्ट्रैक्टर्स मौजूद रहे।