बाराबंकी। समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर आवाज उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देश पर पार्टी की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिला सपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता हुई।
प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा, विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत और पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव राजू ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का आरोप लगाया। नेताओं ने ऐसे नामों को दोबारा सूची में शामिल किए जाने की मांग की।
रोजगार से लेकर किसान और महिला मुद्दों तक उठाए सवाल
सपा नेताओं ने प्रेसवार्ता के दौरान रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ किसानों, नौजवानों, महिलाओं और व्यापारियों से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि इन विषयों को लेकर पार्टी अभियान के दौरान लोगों के बीच जनजागरण करेगी।
नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के साथ स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में भी पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने की मांग रखी।
इंडिया गठबंधन के फैसले के तहत चलेगा अभियान
सपा नेताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत पार्टी आमजन के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी। अभियान के तहत लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े विषयों को जनता के बीच उठाने की बात कही गई है।
गांधी-शास्त्री को किया नमन
प्रेसवार्ता के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद गौतम, जिला मीडिया प्रभारी वीरेंद्र प्रधान, अजय कुमार वर्मा बबलू, सभासद ताज बाबा राईन समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
