भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने जा रहा है। मुकाबले से पहले ही नवाबों के शहर में क्रिकेट का रंग चढ़ने लगा है। 6 अक्तूबर से शुरू हो रही टी-20 क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए लखनऊ पहुंचे वेस्टइंडीज के सात खिलाड़ी 4 अक्तूबर को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग लेंगे।
4 अक्टूबर को इकाना में विंडीज का अभ्यास
वहीं, मुकाबले के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ी भी 4 अक्तूबर को लखनऊ पहुंचेंगे। इसी दिन विंडीज की टी-20 टीम में शामिल बाकी खिलाड़ी भी यहां लैंड करेंगे।
5 अक्टूबर को दोनों टीमें करेंगी अभ्यास
मुकाबले से एक दिन पहले यानी 5 अक्तूबर को दोनों टीमें मैदान पर अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी। इस दौरान खिलाड़ी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में हाथ आजमाकर मुकाबले के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। इकाना स्टेडियम प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, लखनऊ पहुंचे टी-20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों में धाकड़ बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, सैम्पसन, अकील हुसैन, कामिल पूरन और एस स्पिंगर शामिल हैं।
इकाना में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
इन खिलाड़ियों ने शुक्रवार को होटल में आराम किया। रविवार को इकाना स्टेडियम में आयोजित अभ्यास सत्र के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों के भी नेट गेंदबाजों के रूप में हिस्सा लेने की उम्मीद है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पहला हाई-वोल्टेज मुकाबला इसी स्टेडियम में खेला जाएगा।
