यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब घर बैठे डिग्री-मार्कशीट, डिजिटल पोर्टल से मिलेंगी शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाएं

# ## Education

डिग्री, मार्कशीट और माइग्रेशन जैसे दस्तावेजों के लिए अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) के विद्यार्थियों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए डिजिटल स्टूडेंट सर्विस पोर्टल शुरू किया है। इसके जरिए करीब 1.28 लाख मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थी कई शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

एक पोर्टल पर कई जरूरी सेवाएं

पोर्टल के माध्यम से डिग्री, मार्कशीट, माइग्रेशन, आधिकारिक ट्रांसक्रिप्ट और शैक्षणिक रिकॉर्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी। दस्तावेजों में संशोधन जैसे कार्यों के लिए भी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय आने की जरूरत कम होगी।

सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म से आसान होगा काम

कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने शुक्रवार को पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पोर्टल पूरी तरह लाइव और संचालित है। इसे सिंगल विंडो और छात्र केंद्रित प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के दस्तावेजी काम को आसान बनाना और आवेदन से लेकर रिकॉर्ड संबंधी प्रक्रियाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।

घर या कॉलेज से कर सकेंगे आवेदन

नए पोर्टल के जरिए विद्यार्थी घर या कॉलेज से ही संबंधित सेवा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन जमा करने, दस्तावेजी प्रक्रिया और रिकॉर्ड से जुड़े कार्यों में सहूलियत होगी।