- स्वच्छ भारत दिवस पर मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव को नमन कर किया श्रमदान
शहीद की प्रतिमा की साफ-सफाई कर अर्पित की श्रद्धांजलि
लखनऊ। स्वच्छ भारत दिवस एवं गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत मुंशी पुलिया स्थित पार्क में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने सहभागिता करते हुए कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव की प्रतिमा की साफ-सफाई की और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मंत्री और महापौर ने पार्क में झाड़ू लगाकर श्रमदान किया तथा पौधारोपण कर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कारगिल शहीद कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत दिवस नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपने दायित्व को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनभागीदारी से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहीद की प्रतिमा की साफ-सफाई कर श्रमदान करना वीर सपूत के प्रति सम्मान के साथ स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत दिवस और गांधी जयंती स्वच्छता एवं सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर हैं। स्वच्छ और हरित लखनऊ के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और आसपास साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों और सफाई मित्रों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम में पार्षद भृगुनाथ शुक्ला, नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय सह संयोजक भाजपा अवध क्षेत्र संतोष श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप नगर आयुक्त रश्मि भारती, जोनल अधिकारी जोन-7 विकास सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सफाई मित्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के सम्मान, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नागरिकों को सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
