गैंगस्टर सुरेश पुजारी मुंबई लाया गया; छोटा राजन का था बेहद खास

# ## National

(www.arya-tv.com)फिलिपींस से प्रत्यर्पित करने के बाद मंगलवार देर रात भारत लाया गया गैंगस्टर सुरेश पुजारी बुधवार की मुंबई पहुंचा। महाराष्ट्र ATS की टीम उसे लेकर मुंबई पहुंची है और कुछ ही देर में उसे ठाणे की स्थानीय कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुंबई और कर्नाटक में जबरन वसूली के कई मामलों में वांछित गैंगस्टर पर ठाणे, कल्याण, उल्हासनगर और डोंबिवली में भी जबरन वसूली के केस दर्ज हैं।

 दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था 

मंगलवार को खुफिया ब्यूरो (आईबी) और सीबीआई के अधिकारियों ने पुजारी के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उसे हिरासत में ले लिया था। केंद्रीय एजेंसियों द्वारा पूछताछ के बाद उसे महाराष्ट्र ATS को सौंप दिया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम भी उसे हिरासत में लेने के दिल्ली गई थी।

 जारी था ‘रेड कॉर्नर नोटिस’
मुंबई और ठाणे पुलिस ने जबरन वसूली के कई मामलों के बाद क्रमश: 2017 और 2018 में उसके खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किया था। पुजारी 15 साल से अधिक समय से फरार था और उसे अक्टूबर में फिलीपीन में पकड़ा गया था। उसके खिलाफ ठाणे में जबरन वसूली के कुल 23 मामले दर्ज हैं। सुरेश गैंगस्टर रवि पुजारी का करीबी रिश्तेदार है और 2007 में उससे अलग हो गया था। इसके बाद वह विदेश भाग गया था।

 अपना खुद का गिरोह बना लिया था
अपराध के क्षेत्र में अपने शुरुआती दिनों में उसने अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन और रवि पुजारी के साथ काम किया और बाद में अपना खुद का गिरोह बना लिया।