(www.arya-tv.com) 64वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंंग चैंपियनशिप आज यहां प्रारंभ हुयी, जिसमें देश के 3500 से अधिक खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। प्रतियोगिता में लगभग 70 स्वर्ण पदक दाव पर रहेंगे।
भोपाल के समीप बिसनखेड़ी में अत्याधुनिक शूटिंग अकादमी में प्रारंभ हुयी यह प्रतियोगिता 10 दिसंबर तक चलेगी और इसमें 41 यूनिट के 3500 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के शूटर (निशानेबाज) अपना कौशल दिखाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान 10 मीटर और 50 मीटर के इवेंट खेले जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया और अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। कुल 3500 खिलाडिय़ों में से लगभग 2200 पुरुष और 1300 महिलाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता में 18 साल से कम के पुरुष खिलाडिय़ों की संख्या 706 और महिलाओंं की संख्या 504 है। मुकाबले प्रतिदिन सुबह सवा आठ बजे से शाम पांच बजे तक खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का 256 सदस्यीय दल भी शिरकत कर रहा है। सबसे बड़ा दल महाराष्ट्र का है, जिसके 518 सदस्य आए हैं। इसमें उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल हो रहे हैं।
राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में आश्वासन दिया कि शूटिंग अकादमी के पास स्थित लगभग 50 एकड़ जमीन पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कांपलेक्स बनाया जाएगा।