यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होंगी। इसे देखते हुए शिक्षक रिवर्स टाइम टेबल बनाकर निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा कराएं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले दोहराई का पर्याप्त समय मिल सके। यह निर्देश बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी), लखनऊ से यूट्यूब लाइव के जरिए शिक्षकों और शिक्षा अधिकारियों से संवाद के दौरान दिए।
अपर मुख्य सचिव ने का कहना है कि इस वर्ष विधानसभा चुनाव, जनगणना और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के कारण पढ़ाई के लिए उपलब्ध समय प्रभावित हुआ है। ऐसे में बचे हुए समय का बेहतर इस्तेमाल करना जरूरी है। फरवरी में ही गृह परीक्षाएं भी होनी हैं, इसलिए शिक्षक समयबद्ध तरीके से तैयारी कराएं।
बिंदुवार उत्तर लिखने की करें तैयारी
पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर पुस्तिका में बिंदुवार जवाब लिखें, महत्वपूर्ण तथ्यों को रेखांकित करें और जरूरत के अनुसार चार्ट, ग्राफ व डायग्राम का इस्तेमाल करें। शब्द सीमा का भी ध्यान रखें। परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्नपत्रों के आधार पर विद्यार्थी ढाई से तीन घंटे के मॉक टेस्ट दें, ताकि वास्तविक परीक्षा का अभ्यास हो सके। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाने की अपील की। कहा कि अंक ही जीवन में सब कुछ नहीं हैं। तनाव से बचने के लिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन 15 से 20 मिनट खेलकूद के लिए निकालने चाहिए।
कमजोर बच्चों के लिए चलेगा कैच-अप प्लान
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 22 सूत्रीय कैच-अप प्लान लागू किया गया है। इसके तहत शिक्षक रोजाना 30 मिनट से एक घंटे तक अतिरिक्त शिक्षण कराएं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निपुण भारत मिशन को कक्षा पांच तक विस्तारित करने वाला देश का पहला राज्य है। इस वर्ष निपुण असेसमेंट दो चरणों में होगा। पहला चरण 20 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी के बीच आयोजित किया जाएगा।
प्रयोगशालाएं सक्रिय करने के निर्देश
पार्थ सारथी ने विद्यालयों में विज्ञान, गृह विज्ञान और भूगोल की प्रयोगशालाओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंपोजिट ग्रांट का समुचित उपयोग कर प्रयोगात्मक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। शिक्षकों के नवाचार उद्गम पोर्टल पर अब तक 200 से अधिक अपलोड हैं। शिक्षक संकुल की बैठकें अलग-अलग विद्यालयों में आयोजित कर नवाचारों का आदान-प्रदान किया जाए।
शिक्षक भर्ती प्रक्रिया भी प्रगति पर
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों का समायोजन किया जा रहा है। नगर क्षेत्र के लिए 11 हजार शिक्षक और माध्यमिक व एडेड विद्यालयों में 17 हजार से अधिक टीजीटी, पीजीटी व प्रधानाध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है। हर वर्ष एक अप्रैल को रिक्तियों का आकलन कर 31 मई तक आयोगों को अधियाचन भेजने की व्यवस्था भी बनाई गई है।
नवंबर से बच्चों को मिलेगा गर्म हलवा और उपमा
पीएम पोषण योजना के तहत नवंबर से 14 सप्ताह तक बच्चों को पूरक पोषण के रूप में गर्म और ताजा हलवा व उपमा दिया जाएगा। इसके लिए रसोइयों को अतिरिक्त पारिश्रमिक मिलेगा। भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए नवंबर-दिसंबर में उत्कृष्ट रसोइयों की प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
