सावधान: दिवाली पर शुभकामना संदेश, ग्रीटिंग कार्ड्स और आकर्षक ऑफर्स खाली कर सकते है आपका बैंक खाता

# ## National

दीपावली के जश्न और खरीदारी के इस माहौल में साइबर ठग पूरी तरह सक्रिय हो चुके हैं। त्योहारी उत्साह के बीच शुभकामना संदेशों, ग्रीटिंग कार्ड्स और आकर्षक ऑफर्स के नाम पर भेजी जा रही संदिग्ध एपीके (APK) फाइलें लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गई हैं। हल्द्वानी में पुलिस ने चेतावनी दी है कि ये फाइलें मोबाइल में सेंध लगाकर बैंक खातों को पलक झपकते खाली कर सकती हैं।

बिना सोचे-समझे फाइल डाउनलोड न करे

साइबर अपराधी इन दिनों व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर दीपावली की सुंदर तस्वीरें, लक्ष्मी पूजा के कार्ड या फ्री गिफ्ट के बहाने एपीके फॉर्मेट में फाइलें भेज रहे हैं। शातिर ठग कई बार लोगों का भरोसा जीतने के लिए उनके किसी परिचित, दोस्त या रिश्तेदार के नंबर और प्रोफाइल का भी गलत इस्तेमाल करते हैं, ताकि सामने वाला बिना सोचे-समझे फाइल डाउनलोड कर ले। तकनीक के जानकारों के मुताबिक, यह एंड्रॉयड मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने वाला फॉर्मेट होता है, जिसके जरिए ठग फोन का एक्सेस पा लेते हैं।

फोन सेटिंग में अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति न  दे

प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि यदि किसी परिचित के नंबर से भी कोई ऐसी संदिग्ध फाइल आए, तो उसे बिल्कुल डाउनलोड न करें। फोन की सेटिंग में अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति हमेशा बंद रखें। इसके अलावा किसी भी ऐप को एसएमएस, नोटिफिकेशन या स्क्रीन नियंत्रित करने जैसी असामान्य परमिशन न दें।

यहां दर्ज करें शिकायत

यदि किसी से गलती से ऐसी एपीके फाइल डाउनलोड हो जाए या मोबाइल में कोई अजीब गतिविधि दिखे, तो सबसे पहले इंटरनेट कनेक्शन बंद कर दें और तुरंत अपनी बैंकिंग गतिविधियों को रोक दें। खाते से पैसे निकलने पर बिना देर किए बैंक को सूचना दें और नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।