(www.arya-tv.com)यूपी में भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान बुधवार को अपनी पूरी टीम के साथ लखनऊ पहुंच रहे हैं। चुनाव प्रभारी बनने के बाद वे पहली बार यूपी आ रहे हैं। पार्टी के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अर्जुनराम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, कैप्टन अभिमन्यु, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर भी उनके साथ होंगे।
भाजपा के ये नेता आज लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह सहित क्षेत्रीय संगठन के सभी पदाधिकारी भी शामिल होगें।
इस बार काफी रोचक है यूपी का चुनाव
इस बार यूपी में विधानसभा चुनाव काफी रोचक एवं चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है। इस बार आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी में है। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी भी 100 सीटों पर ताल ठोकने की बात कह चुके हैं। उन्होंने अयोध्या के रुदौली से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत भी कर दी है।
उधर, सपा इस बार छोटे दलों को अपने साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। वहीं, बसपा अपने पुराने सोशल इंजीनियरिंग पर भरोसा जता रही है। कांग्रेस भी प्रियंका गांधी के चेहरे को आगे करके विधानसभा चुनाव में मजबूती से जुटी हुई है।
