गोंडा। जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग नदियों में हुए हादसों से हड़कंप मच गया। धानेपुर थाना क्षेत्र के कुआनो नदी स्थित भैसहवा घाट पर मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे बिहुरी ग्राम पंचायत निवासी तुलाराम शुक्ला (45) नदी में डूब गए। वहीं, तरबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव में पहुआ सम्मय स्थान के पास टेढ़ी नदी में पांच युवक डूब गए। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुआनो नदी के भैसहवा घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान तुलाराम शुक्ला के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू कराई गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
उधर, तरबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव में पहुआ सम्मय स्थान के पास टेढ़ी नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच युवक डूबने लगे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल युवकों को बचाने की कोशिश की।
इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता लोगों की तलाश में जुट गईं।
