मिस इंडिया रनर अप रह चुकी दीक्षा सिंह अब पंचायत चुनाव में आजमा रहीं अपनी किस्मत

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनावों के मैदान में जब से दीक्षा सिंह ने उतरने का फैसला किया, तभी से वह चर्चा में हैं। अब उन्होंने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है। वह एक्ट्रेस-मॉडल हैं। दीक्षा फेमिना मिस इंडिया-2015 की रनर अप भी रही हैं। मॉडल दीक्षा सिंह ने रविवार को जिला पंचायत के वार्ड संख्या-26 बक्शा से नामांकन किया।

जौनपुर जिले के बक्शा ब्लॉक के ही चितौड़ी गांव की रहने वाली दीक्षा टीवी विज्ञापन में काम कर चुकी हैं। पिछले फरवरी माह में उनके एलबम रब्बा मेहर करें ने खूब सफलता बटोरी है। जल्द ही उनकी एक वेब सीरीज भी आ रही है।

पंचायत चुनाव के जरिए वह जमीनी स्तर पर कुछ करके दिखाना चाहती हैं। अक्सर मुंबई में रहने वाली दीक्षा समय-समय पर गांव आती रहती है। दीक्षा ने बताया कि राजनीति में पीएम नरेंद्र मोदी उनके आदर्श हैं। वह बदलाव की सोच लेकर चुनाव में उतर रही हैं।

वह कॉलेज के समय से ही प्रतियोगिताओं और राजनीतिक बहसों में हिस्सा लेती आई हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने गांव का विकास की दौड़ में पीछे रह जाना खलता है। जौनपुर अभी कई शहरों से काफी पीछे है। चुनाव जीतकर वह सारी सुविधाएं यहां तक लाना चाहती हैं।

दीक्षा बॉलीवुड में कामयाबी के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं। वह लेखन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्होंने बालीवुड की ‘इश्क तेरा’ फिल्म की कहानी भी लिखी है। जल्द ही उनकी एक बड़े बैनर की वेब सीरीज भी आ रही है।