वाराणसी (www.arya-tv.com) पूर्वांचल में तापमान में दिन प्रतिदिन इजाफा देखा जा रहा है, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों के बनने का दौर तो जारी है लेकिन यह जल्द ही वातावरण में पर्याप्त नमी होने से गायब भी हो जा रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख और बदलेगा। वातावरण से पर्याप्त नमी मिली तो बादल बारिश भी करा सकते हैं। इसके साथ ही पूर्वांचल में वातावरण में बदलाव आएगा और दूसरे पखवारे से बसंती हवाओं का जोर शुरू होने के साथ तापमान में और इजाफा दर्ज किया जाएगा।
शनिवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ ही वातावरण में गुनगुनी धूप घुल गई और गुनगुना अहसास होने से लोगों ने पर्याप्त राहत महसूस की। सुबह के बाद धूप होने से लोगों के शरीर से गर्म कपड़े उतर गए तो कुछ लोग धूप भी सेंकते नजर आए। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में सूरज और उसका ताप भी चढ़ता गया। इस लिहाज से वातावरण में ठंड का असर दिन चढ़ने पर गुम होता गया। जबकि बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री तक की अधिकता दर्ज की गई है। मौसम का यही रुख बना रहा तो आने वाले पखवारे में अधिकतम तापमान तीस डिग्री भी पार कर जाएगा।
