11 से भंग होंगे लखनऊ सहित देश की 56 छावनियों के सदन, जानें क्या है पूरा मामला

Lucknow

(www.arya-tv.com) छावनी परिषद के गलियारों में 11 फरवरी से सियासी अखाड़ा दिखायी नहीं देगा। लखनऊ सहित देश की 56 छावनियों के निर्वाचित सदन को 10 फरवरी को भंग कर दिया जाएगा। जबकि इसी तारीख से इन छावनियों की कमान प्रशासक के हाथ में होगी। रक्षा मंत्रालय ने 11 फरवरी से एक साल के लिए वैरी बोर्ड लगाने के आदेश दे दिए हैं। महानिदेशालय रक्षा संपदा में तैनात डिप्टी डायरेक्टर राजेश कुमार शाह की ओर से मध्य कमान रक्षा संपदा सहित सभी मुख्यालयों को आदेश जारी हो गया है।

मंत्रालय ने अपने आदेश में 11 फरवरी से वैरी बोर्ड लगाने को कहा है। ऐसे में वर्तमान निर्वाचित सदन 10 फरवरी को भंग हो जाएगा। मुख्य भूमिका अब छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी की होगी। उनके साथ परिषद अध्यक्ष व जीओसी मेजर जनरल राजीव शर्मा सैन्य प्रशासन का प्रतिनिधित्व करेंगे। जबकि जनता की ओर से प्रतिनिधित्व करने के लिए एक उपाध्यक्ष को रक्षामंत्रालय नामित करेगा। लखनऊ छावनी परिषद से मंत्रालय को तीन नाम भेजने की तैयारी है। इसमें वर्तमान उपाध्यक्ष रूपा देवी और पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा भी शामिल हैं।