दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद अयोध्या की सुरक्षा के लेकर मंथन

UP

(www.arya-tv.com)राजधानी दिल्ली में इजराइली दूतावास के बाहर हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट है। रामनगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर मंथन शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में रविवार को लखनऊ जोन के ADG एसएन साबत ने अयोध्या पहुंच कर यहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर का भी निरीक्षण कर यहां पर लागू होने वाले नए सुरक्षा प्लान पर मंदिर ट्रस्ट व यहां के वरिष्ठ अधिकारियों से विचार विमर्श भी किया।

सुरक्षा के लिए बनाए गए दो प्लान

ADG एसएन साबत ने बताया कि अब मंदिर परिसर की सुरक्षा दोहरी व्यवस्था में होगी। राम लला का अस्थाई मंदिर शिफ्ट होकर अलग स्थापित हो गया है। जहां रामलला के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ आगे के दिनों में आएगी। इसको लेकर वहां की सुरक्षा की अलग व्यवस्था की जा रही है। दूसरा स्थल जहां राममंदिर का भव्य निर्माण हो रहा है, उस स्थल को भी पूरी तरह से सुरक्षित रखना है। यहां की व्यवस्था का अलग प्लान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में पंचायत चुनावों को लेकर सुरक्षा के क्या इंतजाम किए जाने हैं? इस पर भी समीक्षा की गई है।

बनेंगे वॉच टॉवर, चेकिंग पॉइंट भी बढ़ेंगे
एडीजी जोन ने डीआईजी दीपक कुमार और एसपी सुरक्षा राम जन्मभूमि, लोकल इंटेलिजेंस के साथ राम जन्मभूमि परिसर निरीक्षण किया। उसके मुताबिक परिसर में कई अन्य वॉच टावर और चेकिंग पॉइंट का भविष्य में निर्माण होगा। श्रद्धालुओं को राम लला के दर्शन पूजन में सुगमता का ध्यान रखा जाएगा । रामघाट के मानस भवन में जिले के लगभग सभी क्षेत्राधिकारीयों के साथ एडीजी जोन ने बैठक भी की।