मायावती ने कहा- 2022 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ेगी बसपा

Uncategorized

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा है कि 2022 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 2007 की तरह 2022 में भी प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी। शुक्रवार को मायावती ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कही। बसपा सुप्रीमो ने शुक्रवार को अपना 65वां जन्मदिन मनाया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन कर मायावती को जन्मदिन की बधाई दी।

सपा की तरह भाजपा सरकार से भी जनता असंतुष्ट

बसपा प्रमुख ने कहा कि कुछ समय के बाद उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव है। हमारी पार्टी आगामी चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। हमारी पार्टी ने अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि पूर्वी की समाजवादी पार्टी की सरकार की तरह जनता वर्तमान की भाजपा सरकार से असंतुष्ट दिख रही है। यही स्थिति हमें उत्तराखंड में भी देखने को मिल रही है। मायावती ने कहा कि जनता BSP को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।

सबको फ्री में लगे कोविड का टीका
मायावती ने कहा कि हम केंद्र सरकार के टीकाकरण का स्वागत करते हैं लेकिन देश के प्रत्येक नागरिक को फ्री में कोरोना वैक्सीन लगाई जाए। बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 2007 की तरह पार्टी को सत्ता में वापस लाएं। मायावती ने केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के संबंध में कहा कि सरकार को इन्हें वापस ले लेना चाहिए।

खुद से लिखी किताब का किया विमोचन

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस दौरान ‘मेरे संघर्षमय जीवन का सफरनामा-15’ पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि इसे पढ़ कर आत्म-सम्मान व स्वाभिमानी मूवमेन्ट को आगे बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग कोरोना महामारी के चलते और इसके नियमों का पालन करते हुए पूरी सादगी से मेरे जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाएं। इस दौरान वे कोरोना पीड़ितों, ग़रीबों और असहायों की अपने सामर्थ्य के अनुसार मदद करें।