मौसम का अलर्ट:UP में अगले दो दिनों तक रहेगा शीतलहर का असर

Environment

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मौसम में अगले तीन-चार दिनों के बाद बदलाव आएगा। उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवा की रफ्तार कम होगी और फिर दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और इसी के साथ धीरे-धीरे गलन व ठिठुरन भरी सर्दी का असर कम होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर जारी रही। इस अवधि में कुछ हिस्सों में दिन में धूप नहीं निकली, कुहासा छाया रहा यानि कोल्ड डे रहा। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी गुरुवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में भी खुलकर चमकीली धूप नहीं निकली। प्रदेश के पश्चिमी पूर्वी अंचलों में बुधवार की रात और गुरुवार की सुबह घने कोहरे की वजह से राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट

सर्द हवा और गलन की वजह से दिन के तापमान में भी गिरावट का सिलसिला बना रहा। मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या, आगरा, बरेली मंडलों में खास तौर पर दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, वाराणसी मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ।