(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरे का शनिवार को दूसरा दिन है। आज दिवाली के दिन योगी ने सुबह हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद राम की पैड़ी का निरीक्षण किया। यहां विकास कार्यों का अफसरों से अपडेट लिया है। वहां से सीएम कारसेवकपुरम गए। यहां राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों और साधु-संतों से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी योगी के साथ थे।
शुक्रवार को छोटी दिवाली के मौके पर दुनिया ने छह लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाई अयोध्या देखी। 492 साल में यह पहला मौका था, जब राम जन्मभूमि पर 11 हजार दीये जलाए गए। सीएम योगी ने रात्रि विश्राम अयोध्या में ही किया।
छोटी दिवाली पर जले 6,06,569 दीये, आज घाटों पर सफाई का काम जारी
शुक्रवार को अयोध्या ने अपनी भव्यता का एहसास कराया। सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हनुमानगढ़ी, रामलला के दर्शन-पूजन के बाद राम की पैड़ी पर दीये प्रज्जवलित किया। इस दौरान अयोध्या में राम की पैड़ी, राम जन्मभूमि व अन्य जगहों पर 6,06,569 दीये जलाए गए। सीएम योगी ने राम कथा पार्क में भगवान राम का राज्याभिषेक किया। आज भी दिवाली पर पूरी अयोध्या रंग बिरंगी झालरों से जगमग रहेगी। वहीं, नगर निगम के द्वारा राम की पैड़ी घाट की सफाई कराई जा रही है।