ड्राइवर मरने से पहले बोला- मंत्री मन्नू कोरी ने सेक्स रैकेट कांड से बचाने के लिए 20 लाख रुपए लिए

UP

(www.aryatv.com)उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक कर्मचारी ने रविवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को मृतक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह प्रदेश के एक मंत्री समेत आधा दर्जन लोगों पर गंभीर आरोप लगा रहा है। वीडियो में वह जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार करते हुए आत्महत्या करने की बात कह रहा हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेट जांच करने के निर्देश देते हुए कहा जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजन डरे हुए हैं। वह कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सोमवार की रात सोशल मीडिया पर राजकुमार दुबे का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह बता रहा है कि राजेन्द्र सिंह यादव ने बीस लाख रुपये ले लिए हैं। जयहिंद सिंह ने उसे सेक्स रैकेट कांड में झूठा फंसा दिया था। इस मामले में बचा लेने के लिए मंत्री मन्नू कोरी ने बीस लाख रुपए लिए थे, लेकिन उन्होंने बचाया नहीं। इस कारण वह एक साल जेल में रहा।

वीडियो में वह कह रहा है कि आज सुबह बृजेश खरे व मनोज सतभैया ने उससे पचास हजार रुपए मांगे और पप्पू खान आलू मंडी व राजेन्द्र सिंह ने जबरन उसके एक मकान की रजिस्ट्री पत्नी से करा ली। उसे साढ़े चार लाख रुपए मांग रहे हैं। वह अब रुपए कहां से दे।

यह है मामला
बताया जा रहा है कि जिले की कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला आजादपुरा निवासी राजकुमार दुबे स्वास्थ्य विभाग ललितपुर में ड्राइवर के पद तैनात था। अभी वह अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जे एस बख्शी की गाड़ी चला रहा था। 7 सितम्बर रविवार की रात ड्राइवर राजकुमार दुबे ने घर में साड़ी से फांसी का फंदा लगाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। जब रात दो बजे बच्चों ने पिता को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को बुलाकर शव को नीचे उतरवाया था। मृतक राजकुमार दुबे के बच्चों से आत्महत्या का कारण पूछा गया था, लेकिन परिजन ने कोई भी कारण नहीं बताया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजन को सौंप दिया था।