डॉ. राजेश्वर सिंह : 190वें सप्ताह भी जारी रहा ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान, सरवन नगर में मिले 28 आवेदन

Lucknow
  • 65 लोगों का हुआ निःशुल्क नेत्र परीक्षण, 59 बुजुर्गों को मिलेंगे चश्मे, चार विद्यार्थियों को साइकिल और युवाओं को खेल किट वितरित

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान लगातार 190वें सप्ताह भी जारी रहा। रविवार, 1 नवंबर को अर्जुनगंज मंडल के सरवन नगर, बिजनौर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न मांगों से संबंधित 28 आवेदन प्राप्त हुए। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनविश्वास को निभाने का संकल्प है। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

  • स्वास्थ्य सुविधाओं और बुजुर्गों की देखभाल पर जोर

श्री साईं ऑप्टिकल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 65 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 59 जरूरतमंद बुजुर्गों को विधायक की ओर से चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

  • यूथ क्लब के जरिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

कार्यक्रम में 195वें बॉयज यूथ क्लब और 137वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। लड़कों को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट तथा बालिकाओं को कैरम, बैडमिंटन और वॉलीबॉल किट प्रदान की गईं। डॉ. सिंह ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

  • चार जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली साइकिल

शिक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मोहिनी मौर्य, माही सिंह, फिजा और शेखर सैनी को साइकिलें वितरित की गईं। विधायक ने कहा कि संसाधनों की कमी किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। लगातार 190 सप्ताह से जारी यह अभियान जनसंवाद, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और युवा सशक्तीकरण को एक साथ जोड़ते हुए सरोजनीनगर में जनसेवा की गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है।