बच्चों की लंबाई बढ़ाने के लिए रोज कराएं ये 3 योगासन

Health /Sanitation

योग के जरिए तो हर तरह की बीमारी को ठीक किया जा सकता है। शारीरिक गतिविधियों और खेल कूद से दूर होते बच्चों की समय पर लंबाई न बढ़ना एक आम समस्या बन गई है। दिनभर मोबाइल का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने से बच्चों की खेलने में रुचि भी कम हो गई है। लेकिन उम्र के दस वर्ष पूरे होने के बाद भी अगर बच्चे का शारीरिक विकास ठीक तरह से नहीं हो रहा है तो योग आपके बच्चे की लंबाई बढ़ने में मदद कर सकता है। तो आइए जाने वो तीन योग की मुद्राएं हैं जिन्हें करना बच्चे के लिए फायदेमंद होगा।

भुजंगासन
बच्चों की लंबाई अगर नहीं बढ़ रही है तो भुजंगासन को करने से लाभ मिलेगा। इस योग को करने के लिए किसी समतल स्थान पर मुंह को नीचे की तरफ करके पेट के बल लेट जाएं। शरीर के सभी अंगों को ढीला छोड़ दें। फिर पैर के पंजों को बाहर की ओर खींचें। दोनों पैरों को मिलाकर रखें। दोनों हाथों की हथेलियों को सीने के बराबर पीछे लाते हुए इस तरह से रखें कि कोहनियां जमीन पर टिक जाएं। इसके बाद कोहनियों को धीरे-धीरे उठाएं। साथ ही सांस भरते हुए गर्दन आगे की ओर तानकर सीने को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं। धड़ को ऊपर उठाते हुए कोहनियों को खोलते जाएं। धड़ को नाभि तक ऊपर उठा दें। गर्दन व सीने को अधिक से अधिक उठाने का प्रयास करें। कुछ देर तक इसी स्थिति में रहें। फिर सांस छोड़ते हुए वापस आ जाएं और सभी अंगों को ढीला छोड़ दें।

मेरुदंडासन
बच्चों की लंबाई बढ़ाने के लिए ये आसन बहुत लाभकारी है। इसको करने के लिए दोनो पैरों को मिलाते हुए सीधे तनकर खड़े हो जाएं। सांस भरते हुए दोनों हाथों को सीधे ऊपर ले जाएं। आपके दोनों हाथ कान से सटे हुए होने चाहिए। दोनों हाथों को सीध में रखते हुए कमर से ऊपर का भाग दांई ओर झुकाएं। थोड़ा रुककर सांस छोड़ते हुए फिर से पहले वाली स्थिति में आ जाएं। एक बार फिर सांस भरकर यहीं क्रम बांई ओर दोहराएं। दोनों हाथों को पहले की तरह ही सीधे रखते हुए पहले सामने और फिर पीछे की ओर झुकें। इस प्रकार चारों ओर झुकते हुए पूरा एक चक्कर लगाएं।

मेरुदंडासन के लाभ
इस योग को करने से रीढ़ की हड्डी में लचीलापन आता है जिसकी वजह से लंबाई भी बढ़ती है।

सर्वांगासन
शरीर को स्वस्थ रखने में योग का बहुत बड़ा योगदान है। अगर नियमित रूप से योग का अभ्यास किया जाए तो बहुत सी बीमारियों में आराम मिलता है। केवल बीमारियां ही नहीं योग के विभिन्न आसन को करने से शरीर में लचीलापन भी आता है जिससे लंबाई को बढ़ाने में मदद मिलती है। सर्वांगसन की क्रिया करने के लिए जमीन पर पीठ के बल सीधे होकर लेट जाएं। पैरों को आपस में जोड़े रखकर धीरे-धीरे ऊपर की ओर उठाएं। कोहनियों को जमीन पर टिकाकर दोनों हाथों से कमर को पकड़ते हुए सहारा दें। कमर के ऊपर वाला पैरों का भाग सीधा रखें। सिर को जमीन पर ही टिकाए रखें। इस स्थिति में कम से कम एक मिनट तक रहें। धीरे-धीरे अभ्यास करते हुए इस आसन को करने की समयावधि बढायी जा सकती है।