अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम (नेपाल) तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस की टिकट बुक होने लगे हैं। आईआरसीटीसी, मोबाइल एप व आरक्षण केंद्र के माध्यम से गुरुवार की सुबह टिकट की बुकिंग शुरू होते ही आधे घंटे में 50 फीसदी टिकट बुक हो गए। इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर होगा। अंतिम समय सारणी भी रेलवे द्वारा जारी कर दी गई है।
पूर्णतः आरक्षित इस एक्सप्रेस सेवा का मूल किराया भारतीय रेल पर लागू किराए के अनुसार ही रखा गया है। इसमें अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम तक का स्लीपर श्रेणी का किराया 365 रुपये, थर्ड एसी इकोनॉमी का 885 रुपये, थर्ड एसी का 965 रुपये व सेकंड एसी का किराया 1360 रुपये तय किया गया है। ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह का किराया यात्री को अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ही दिया जा रहा है। आईडी के अंतिम चार अंक टिकट पर दर्ज होंगे।
ट्रेन में कोई कोटा नहीं, नागरिकों को पहचान पत्र के साथ यात्रा की अनुमति
इस ट्रेन में तत्काल, प्रीमियम तत्काल, वरिष्ठ नागरिक रियायत, महिला, वीआईपी कोटा का कोई भी प्रावधान नहीं है। केवल कन्फर्म टिकट ही बुक किए जाएंगे, साथ ही आरएसी व वेटिंग टिकट नहीं मिलेगा। रेलवे पास, मानार्थ कार्ड पास, विधायक कूपन को भी इस ट्रेन में अनुमति नहीं दी गयी है। इस ट्रेन में टिकट खोने अथवा डुप्लीकेट टिकट बनाने तथा बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा नहीं होगी। प्रमुख बात यह है कि भारत व नेपाल के नागरिकों को ही अपने पहचान पत्र के साथ यात्रा की अनुमति दी गयी है।
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी होगा ठहराव
रेलवे द्वारा पूर्व जारी अधिसूचना में इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर नहीं रखा गया था। इसको लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि व साधु-संतों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद रेलवे ने अपने निर्णय में बदलाव किया, बुधवार को रेलवे द्वारा जारी की गई संशोधित अधिसूचना में दोनों ओर से इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर दर्शाया गया है। यहां पर यह ट्रेन पांच मिनट रुकेगी।
अंतिम समय सारणी तय, नेपाल से शनिवार व अयोध्या से प्रत्येक सोमवार होगी रवाना
सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन नंबर-15595 शनिवार को दोपहर 1:10 बजे (नेपाली समय) जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर कस्टम यार्ड (नेपाल) 2:25 से 3:25 बजे (नेपाली समय) भारतीय समयानुसार 2:10 से 3:10 तक एक घंटे रुकेगी। दोनों देशों की इस सीमा पर यहां पर यात्रियों की कस्टम जांच होगी। इसके बाद यह ट्रेन भारतीय सीमा में प्रवेश कर जाएगी। मधुबनी में 3:50, शीशो पर 5:15, सीतामढ़ी पर 7:05, रक्सौल पर 9:40, नरकटियागंज पर 11:20 बजे, रात दो बजे पनियहावा, रविवार सुबह 4:05 बजे गोरखपुर, 5:22 बजे बस्ती, 6:30 बजे मनकापुर, 7:30 बजे अयोध्या धाम होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वहीं, अयोध्या कैंट से ट्रेन नंबर-15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी। अयोध्या धाम पर 6:30 बजे, मनकापुर पर 7:32 बजे, बस्ती पर 8:40 बजे, गोरखपुर पर 10:23 बजे, पनियहावा पर 12:40 बजे, नरकटियागंज पर 2:20 बजे, मंगलवार भोर 3:15 बजे रक्सौल, 4:47 बजे सीतामढ़ी, 6:10 बजे शीशो, 7:02 बजे मधुबनी होकर नेपाली समयानुसार 8:45 बजे जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी। यहां दो घंटे तक रूकने के बाद 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। ध्यान रहे कि जयनगर कस्टम यार्ड पर नेपाल से आने वाली ट्रेन एक घंटे व भारत से जाने वाली ट्रेन दो घंटे रुकेगी। यहां पर ट्रेन में सवार सभी यात्रियों की कस्टम जांच के बाद एक दूसरे देश जाने के अनुमति मिलेगी।
कहां और कैसे बुक करा सकेंगे टिकट?
सरयू-कमला एक्सप्रेस में सफर करने के इच्छुक यात्री ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से टिकट बुक करा सकेंगे। भारतीय यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे टिकट आरक्षित कर सकते हैं। इसके अलावा देशभर के किसी भी रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटर पर जाकर भी टिकट बुक कराया जा सकेगा। PRS काउंटर से टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को निर्धारित आरक्षण प्रक्रिया का पालन करना होगा। टिकट बुक कराने से पहले ट्रेन की उपलब्धता, यात्रा की तारीख और सीटों की स्थिति जरूर जांच लें।
तत्काल टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी
सरयू-कमला एक्सप्रेस पूरी तरह आरक्षित एक्सप्रेस सेवा होगी। ऐसे में यात्रियों को इस ट्रेन में तत्काल कोटे के तहत टिकट बुक कराने की सुविधा नहीं मिलेगी। ट्रेन की कुल आरक्षित सीटों में 70 प्रतिशत सीटें End to End Quota के तहत निर्धारित रहेंगी, जबकि शेष 30 प्रतिशत सीटें अन्य निर्धारित कोटे के लिए उपलब्ध होंगी। इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे टिकट बुकिंग शुरू होते ही अपनी यात्रा की योजना के अनुसार सीट आरक्षित करा लें।
