शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल के निर्देशानुसार लखनऊ मंडल के सभी छह जनपदों—सीतापुर, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली—के माध्यमिक विद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को प्राप्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के आदेश जारी कर दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया जा सके।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम के तहत मिशन मोड में चलेगा अभियान
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि संयुक्त सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देश के क्रम में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 को मिशन मोड में लागू कर समयबद्ध अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करना, प्लास्टिक कचरे को स्रोत पर ही अलग करना, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देना तथा इस व्यवस्था का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक करना है।
सात प्रमुख विषयों पर माध्यमिक विद्यालयों में होंगी निबंध प्रतियोगिताएं
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए सात निर्धारित विषयों पर निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। इन विषयों में प्लास्टिक के स्रोत का पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन-2016 के नियम, सिंगल यूज प्लास्टिक का दैनिक जीवन से उन्मूलन, विद्यालय एवं विद्यार्थियों का प्लास्टिक प्रदूषण कम करने में योगदान, प्लास्टिक पुनर्चक्रण में प्रमुख नवाचार एवं बायो आधारित विकल्प, प्लास्टिक प्रदूषण का वातावरण पर दुष्प्रभाव तथा 4-आर सिद्धांत को सतत व पर्यावरण के अनुकूल जीवन जीने के प्रभावी तरीके के रूप में शामिल किया गया है।
