तिगरी-गढ़मुक्तेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

# ## UP

अमरोहा/हापुड़। हर-हर गंगे के जयकारे, दीपों की जगमगाहट, वैदिक मंत्रोच्चार और मां गंगा के प्रति अटूट आस्था… कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के गंगा घाटों पर श्रद्धा का ऐसा सैलाब उमड़ा कि दूर-दूर तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और खुशहाली की कामना की। पूर्व संध्या पर देर रात तक दीपदान हुआ और मध्यरात्रि से ही मुख्य स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई।

गंगा तट पर कहीं परिवार के साथ पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु दिखाई दिए तो कहीं दिवंगत परिजनों की स्मृति में दीप जलाकर लोग भावुक नजर आए। स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दिया गया और कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। हालांकि, आस्था के इस विशाल आयोजन के बीच दोनों मेलों की व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग तस्वीर सामने आई। गढ़मुक्तेश्वर में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की सराहना हुई तो तिगरी मेले में साधु-संतों के शिविरों, रैन बसेरों और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों की कमी को लेकर सवाल उठे।

दीपदान के साथ शुरू हुआ आस्था का महापर्व, अपनों की याद में नम हुईं आंखें

मुख्य स्नान से पहले सोमवार शाम तिगरी, पौंरा और पूठधाम घाटों पर दीपदान का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति और उनकी आत्मा की शांति की कामना करते हुए दीप जलाए और उन्हें मां गंगा में प्रवाहित किया। इस दौरान कई परिवार अपनों को याद कर भावुक हो गए। घाटों पर गंगा आरती, पूजा-अर्चना और दीपों की रोशनी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मध्यरात्रि के बाद गंगा स्नान शुरू हुआ और भोर होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने गंगा में डुबकी लगाने के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। किसानों ने अच्छी फसल, पर्याप्त वर्षा और कृषि संपन्नता की कामना की। वहीं, कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए।

स्नान के बाद बाजारों में उमड़ी भीड़, जाम से जूझे श्रद्धालु

गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मेला बाजारों का रुख किया। प्रसाद, पूजा सामग्री और खानपान की दुकानों पर खूब भीड़ रही। मेले में लगे अस्थायी बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। दूसरी ओर श्रद्धालुओं की भारी आमद ने यातायात व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी। तिगरी से कुमराला गांव तक वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही। रोडवेज बसों में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बसों और रेलगाड़ियों से पहुंचे श्रद्धालुओं को रात्रि विश्राम के लिए उचित स्थान तलाशने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तिगरी मेले में टेंट सिटी की चमक, लेकिन साधु-संतों के शिविरों की कमी खली

तिगरी मेले की भव्यता के बीच इसकी पारंपरिक धार्मिक पहचान और व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष भी सामने आया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा रही कि आधुनिक सुविधाओं और टेंट सिटी पर जोर देने के दौरान पारंपरिक धार्मिक आयोजनों को अपेक्षित महत्व नहीं मिल पाया।

आरोप है कि अमरोहा जिला प्रशासन ने सेक्टर एक से पांच तक के पारंपरिक साधु-संत क्षेत्र में टेंट सिटी को प्राथमिकता दी, जिसके चलते साधु-संतों के शिविर और अखाड़े अपेक्षाकृत कम दिखाई दिए। भंडारे, अन्नक्षेत्र, हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक गतिविधियों की कमी भी महसूस की गई। टेंट सिटी में आकर्षक साज-सज्जा और मनोरंजन की व्यवस्थाएं तो नजर आईं, लेकिन तेज आवाज में बजते डीजे और डिस्को संगीत को लेकर धार्मिक वातावरण प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आईं। श्रद्धालुओं का सवाल था कि मेले की आधुनिक सुविधाओं के साथ साधु-संतों के शिविरों, भंडारों और रात्रि विश्राम की व्यवस्था को भी बराबर प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई।

गंगा पर बना पीपे का पुल बना दोनों मेलों के बीच अहम कड़ी

तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर मेले के बीच गंगा पर बनाया गया पीपे का पुल श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हुआ। इसके जरिए दोनों ओर के श्रद्धालुओं को एक-दूसरे के मेले तक पहुंचने में आसानी हुई। बसतौरा में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ मेले की शुरुआत हुई। विधायक राजीव तरारा ने गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी को पुल से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने सीपिया फार्म में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं से गंगा तट को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक-पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।

गढ़मुक्तेश्वर मेले में सफाई और सुविधाओं की हुई सराहना

जहां तिगरी मेले की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे, वहीं गढ़मुक्तेश्वर में नागरिक सुविधाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई। समाजसेवी डॉ. बीएस जिंदल ने मेले में स्वच्छता, सड़कों, शौचालयों, प्रकाश व्यवस्था और प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डॉ. जिंदल ने बताया कि हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना को बेहतर व्यवस्थाओं के लिए समाजसेवियों की ओर से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।